आजमगढ़। जिले में हर घर तिरंगा अभियान 2026 का शुभारंभ रविवार को हो गया। जिलाधिकारी रविंद्र कुमार ने जनपदवासियों से अपने घर, प्रतिष्ठान और कार्यस्थल पर राष्ट्रध्वज फहराने की अपील की। अभियान के तहत विभिन्न संस्थानों में देशभक्ति से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
अहरौला के समदी में राजकीय महिला महाविद्यालय में हर घर तिरंगा अभियान के तहत राष्ट्रीय सेवा योजना की स्वयंसेविकाओं ने देशभक्ति थीम पर रंगोली प्रतियोगिता आयोजित की। इसमें बीए, बीएससी और बीकॉम की छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। प्राचार्य प्रो. महेंद्र प्रकाश ने प्रतियोगिता का निरीक्षण कर छात्राओं का उत्साहवर्धन किया। एनएसएस प्रभारी डॉ. राकेश के निर्देशन में आयोजित प्रतियोगिता में एनएसएस प्रभारी, वरिष्ठ कार्यालय सहायक अदिति सिंह और महाविद्यालय की वरिष्ठ छात्राओं ने निर्णायक की भूमिका निभाई। तृतीय वर्ष की स्वयंसेविकाओं शिवांगी, कविता, डिंपल, वैष्णवी, श्रेयांशी और आकृति की टीम ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। द्वितीय वर्ष की टीम दूसरे और प्रथम वर्ष की टीम तीसरे स्थान पर रही। एनएसएस प्रभारी डॉ. राकेश ने कहा कि हर घर तिरंगा अभियान युवाओं में देशभक्ति और राष्ट्रीय चेतना का संचार कर रहा है। विजयी प्रतिभागियों को स्वतंत्रता दिवस समारोह में प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया जाएगा। प्राचार्य प्रो. महेंद्र प्रकाश ने कहा कि तिरंगा भारत की आजादी, अखंडता और लोकतांत्रिक मूल्यों का प्रतीक है।