Baghpat: ड्यूटी छोड़ हेड कांस्टेबल ने धरना स्थल पर गाई रागिनी, वीडियो हुआ वायरल, लाइन हाजिर
बागपत में किसान धरने के दौरान रागिनी गाने और मंच पर प्रस्तुति देने वाले हेड कांस्टेबल का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस विभाग ने कार्रवाई करते हुए उन्हें लाइन हाजिर कर दिया है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
बागपत जनपद में दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे पर गांगनौली में चल रहे किसान धरने के दौरान एक हेड कांस्टेबल का रागिनी गाते हुए वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस विभाग ने कार्रवाई की है। ड्यूटी के दौरान धरना स्थल पर पहुंचकर मंच से रागिनी प्रस्तुत करने वाले हेड कांस्टेबल को लाइन हाजिर कर दिया गया है।
सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में हेड कांस्टेबल मंच पर रागिनी गाते और प्रस्तुति देते नजर आ रहे हैं। वीडियो सामने आने के बाद मामला चर्चा का विषय बन गया।
यह भी पढ़ें: Meerut Crime News: मंदिर के करीब ठेका, दिन-रात लोग पीते हैं शराब, नाले में मिले पांच शव, कार्रवाई की उठी मांग
किसान धरने में दी रागिनी की प्रस्तुति
गांगनौली में दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे पर कट की मांग को लेकर किसान पिछले 37 दिनों से धरना दे रहे हैं। रविवार को भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी नरेश टिकैत भी धरना स्थल पर पहुंचे थे और आंदोलन को लेकर अपना समर्थन जताया था।
इसी दौरान टीकरी चौकी पर तैनात हेड कांस्टेबल तेजबीर विधुड़ी भी धरना स्थल पर पहुंचे। किसानों के अनुरोध पर उन्होंने मंच से दो रागिनियां प्रस्तुत कीं। उनकी चर्चित रागिनी भी प्रस्तुति का हिस्सा रही।
वीडियो वायरल होने पर हुई कार्रवाई
रागिनी प्रस्तुति का 47 सेकंड का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया। इसके अलावा कार्यक्रम से जुड़े अन्य वीडियो भी विभिन्न माध्यमों पर प्रसारित होने लगे। वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस विभाग ने मामले का संज्ञान लिया और अनुशासन संबंधी पहलुओं की जांच की।
ड्यूटी छोड़ने को माना गया अनुशासनहीनता
पुलिस अधीक्षक सूरज कुमार राय ने बताया कि हेड कांस्टेबल की ड्यूटी पुलिस चौकी पर निर्धारित थी। इसके बावजूद वह धरना स्थल पर पहुंच गए और मंच से प्रस्तुति देने लगे। पुलिस अधीक्षक ने इसे अनुशासनहीनता मानते हुए हेड कांस्टेबल को तत्काल प्रभाव से लाइन हाजिर कर दिया। विभागीय स्तर पर आगे की कार्रवाई भी की जा सकती है।