Baghpat: जस्ट डायल पर फर्जी विज्ञापन से सस्ते सामान का झांसा देकर ठगी, अंतरराज्यीय गिरोह के 8 शातिर गिरफ्तार
बागपत साइबर क्राइम थाना पुलिस ने जस्ट डायल पर फर्जी विज्ञापन देकर लोगों से ठगी करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का भंडाफोड़ किया। पुलिस ने 8 आरोपियों को गिरफ्तार कर मोबाइल, लैपटॉप, सिम कार्ड और अवैध हथियार बरामद किए।
विस्तार
साइबर क्राइम थाना बागपत पुलिस ने सर्च इंजन प्लेटफॉर्म जस्ट डायल पर फर्जी विज्ञापन डालकर लोगों से ठगी करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने इस गिरोह के आठ शातिर अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार आरोपी ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर ग्रोसरी और सॉफ्ट ड्रिंक सस्ते दामों में उपलब्ध कराने का लालच देकर फर्जी विज्ञापन डालते थे। जब लोग उनसे संपर्क करते थे तो आरोपी एडवांस भुगतान कराने के बाद सामान भेजने का झांसा देकर पैसे हड़प लेते थे।
यह भी पढ़ें: सेंट्रल मार्केट विवाद: सेटबैक पॉलिसी का विरोध, पलायन के पोस्टर लेकर धरने पर बैठी महिलाएं, बच्चे भी शामिल
जांच के दौरान पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 11 मोबाइल फोन, चार लैपटॉप, 24 सिम कार्ड, एक टैबलेट, दो डेबिट/एटीएम कार्ड और दो वाईफाई डिवाइस बरामद किए हैं। इसके अलावा उनके पास से एक अवैध हैंडमेड पिस्टल (.32 बोर), एक हैंडमेड तमंचा (.315 बोर) और दो जिंदा कारतूस भी बरामद किए गए हैं।
पुलिस ने आरोपियों के पास से AURA कार (UP 76 AT 1422) भी बरामद की है, जिसका इस्तेमाल गिरोह ठगी की गतिविधियों में करता था।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक यह गिरोह अलग-अलग राज्यों में बैठकर ऑनलाइन प्लेटफॉर्म के जरिए लोगों को निशाना बनाता था। फिलहाल पुलिस गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों और पूरे नेटवर्क की जानकारी जुटा रही है।