पेड़ से लटका मिला युवक का शव: ग्रामीण आक्रोशित, रात भर दौड़ती रहीं पुलिस की गाड़ियां, परिजनों ने लगाए आरोप
ननिहाल जाने की बात कहकर घर से निकले युवक का शव गांव के बाहर एक पेड़ से लटकता मिला। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया, लेकिन परिजनों ने शुरू से ही हत्या की आशंका जताई। उनका आरोप था कि युवक का अंगभंग कर उसकी हत्या कर शव को पेड़ से टांगा गया है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
रुपईडीहा थाना के कोनहरा गांव में युवक का शव पेड़ से लटकता मिलने के बाद बुधवार रात हालात तनावपूर्ण बने रहे। पोस्टमार्टम के बाद शव गांव पहुंचते ही परिजन और ग्रामीण आक्रोशित हो उठे। उन्होंने हत्या कर शव को फंदे से लटकाए जाने का आरोप लगाते हुए विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। ग्रामीण आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग पर अड़े रहे। हालात को संभालने के लिए पूरी रात पुलिस की गाड़ियां गांव में दौड़ती रहीं।
कोनहरा गांव निवासी रोहित (21) शनिवार सुबह घर से ननिहाल जाने की बात कहकर निकला था। उसने परिजनों से देर शाम तक लौट आने की बात कही थी, लेकिन वापस नहीं पहुंचा। मंगलवार शाम उसका शव गांव के बाहर एक पेड़ से लटकता मिला था। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया, लेकिन परिजनों ने शुरू से ही हत्या की आशंका जताई। उनका आरोप था कि युवक का अंगभंग कर उसकी हत्या कर शव को पेड़ से टांगा गया है।
बुधवार देर शाम पोस्टमार्टम के बाद शव गांव पहुंचा तो माहौल और गर्मा गया। बड़ी संख्या में ग्रामीण जमा हो गए और पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी। परिजनों ने ग्राम प्रधान समेत पांच नामजद और सात-आठ अज्ञात लोगों पर हत्या का आरोप लगाते हुए तहरीर दी। लोगों का कहना था कि पुलिस मामले को आत्महत्या बताकर दबाने का प्रयास कर रही है।
सूचना मिलते ही रात 11 बजे अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण दुर्गा प्रसाद तिवारी समेत कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंच गई। इसके बाद भाजपा विधायक सरोज सोनकर भी आधी रात गांव पहुंचीं। उन्होंने पीड़ित परिवार से मुलाकात कर न्याय दिलाने का भरोसा दिया। विधायक ने पुलिस की कार्यशैली पर नाराजगी जताते हुए मामले में लापरवाही का आरोप लगाया।
ग्रामीण पूरी रात आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग करते रहे। पुलिस अधिकारियों और विधायक के काफी समझाने-बुझाने के बाद लोग शांत हुए। इस दौरान पुलिस ने पांच लोगों को रात में ही हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी। पांच लोगों के पकड़े जाने के बाद बृहस्पतिवार सुबह करीब 10 बजे युवक का अंतिम संस्कार कराया गया।
एएसपी डीपी तिवारी का कहना है कि तहरीर और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर मामले की गहन जांच की जा रही है। दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.