बलिया में 20 लाख की चोरी: पति का इलाज कराने हैदराबाद गई थी महिला, कैश भी ले गए चोर; FIR
Ballia News: बलिया में बंद मकान में चोरी की जानकारी मिलते ही बैरिया थाने की पुलिस भी पहुंच गई। भुक्तभोगी परिवार और पड़ोसियों से जानकारी लेने के बाद प्राथमिकी दर्ज कर ली गई। महिला ने बताया कि वह अपने पति के हार्ट का इलाज कराने बेटे के पास हैदराबाद गई थी।
विस्तार
UP News: बलिया के बैरिया क्षेत्र के जमालपुर गांव में बंद पड़े मकान को निशाना बनाते हुए चोरों ने लाखों रुपये के जेवर और नकदी पर हाथ साफ कर दिया। घटना का पता तब चला जब पीड़िता इलाज कराकर घर लौटीं। चोरी की इस वारदात से पूरे परिवार में दहशत और आक्रोश का माहौल है। पीड़िता की तहरीर पर बैरिया थाना पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
जमालपुर निवासी चंदा सिंह अपने पति विजय कुमार सिंह, जो हृदय रोग से पीड़ित हैं, के इलाज के लिए 25 मार्च को हैदराबाद गई थीं। उनका पुत्र वहां राष्ट्रीय टकसाल में कार्यरत है। पति का इलाज कराने के बाद बुधवार को जब वह वापस अपने घर पहुंचीं तो मकान के मुख्य द्वार पर ताला लटका मिला, लेकिन अंदर जाने वाले दरवाजे का ताला गायब था और दरवाजा चौखट से सटा हुआ था। इससे उन्हें अनहोनी की आशंका हुई।
पुलिस ने दर्ज की प्राथमिकी
घर के अंदर प्रवेश करने पर देखा कि सभी कमरों के ताले टूटे हुए थे। जिस कमरे में अलमारी रखी थी, उसे कटर से काटकर खोला गया था। अलमारी में रखे लगभग 20 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के जेवर और 35 हजार रुपये नकद गायब थे। चंदा सिंह के अनुसार, जेवर पीतल के पनबट्टा में रखे थे, जबकि नकदी पर्स में रखी गई थी, जिसे भी चोर उठा ले गए।
चोरी हुए सामान में सोने की दो चेन, दो लॉकेट, एक मंगलसूत्र, चार अंगूठियां, आठ सेट कान के झुमके और टॉप्स शामिल हैं। इसके अलावा पांच जोड़ी पायल, तीन चांदी के सिक्के, पांच जोड़ी नाक की कील और पांच जोड़ी चांदी के बिछुए भी चोरी हो गए। घटना से परिवार को भारी आर्थिक नुकसान हुआ है।
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। क्षेत्राधिकारी बैरिया मोहम्मद फहीम कुरैशी ने बताया कि पीड़िता की तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और मामले में नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है। आसपास के लोगों से पूछताछ के साथ ही संदिग्धों की तलाश जारी है।