UP: बिना चिकित्सक के अल्ट्रासाउंड व सर्जन की ओटी, BMS की डिग्री पर अंग्रेजी दवा से चर्म रोग का करता मिला इलाज
Ballia News: उपजिलाधिकारी रवि कुमार ने स्वास्थ्य विभाग की टीम के साथ नगर सहित ग्रामीण अंचलों में संचालित नर्सिंग होम एवं अल्ट्रासाउंड केंद्रों पर छापेमारी कर जांच किया। एक अल्ट्रासाउंड एवं एक निजी हॉस्पिटल मानक विहीन मिलने पर सील कर दिया गया। वहीं, दो को नोटिस दिया गया।
विस्तार
UP News: निजी अस्पतालों में चिकित्सक की लापरवाही से मरीजों के मौत के बढ़ते मामले को देखते हुए कमिश्नर के निर्देश पर डीएम द्वारा गठित टीम ने शहर से लेकर तहसील स्तर पर निजी अस्पतालों व जांच केंद्रों की पड़ताल की। इसकी खबर लगते ही अवैध रूप से संचालित अस्पतालों व जांच केंद्र संचालक ताला लगाकर फरार रहे।
शहर में स्वास्थ्य विभाग की टीम ने चार नर्सिंग होम व पांच अल्ट्रासांउड केंद्रों की जांच की। जांच के क्रम में बहादुर स्थित एक निजी अस्ताल की जांच की ओपीडी को देखा संबंधित पत्रावलियों की जांच किया। स्कीन चिकित्सक के क्लीनिक की जांच के दौरान बीएमएस की डिग्री पर अंग्रेजी दवा ज्यादा पाई गई, पत्रावली मांगने पर न दिखाने पर टीम ने रिपोर्ट तैयार की। होम्योपैथिक क्लीनिक की जांच के दौरान रजिस्ट्रेशन फेल मिलने पर जल्द रिनवल कराने का निर्देश दिया।
कार्रवाई से हड़कंप
अस्पताल के आसपास संचालित तीन अल्ट्रा सांउड जांच केंद्रों की जांच के दौरान बिना चिकित्सक के जांच करने व अन्य अनियमिता मिली। टीम ने सील की चेतावनी देते हुए पत्रावली जल्द उलब्ध कराने को कहा। अस्पताल रोड में संचालित एक निजी नर्सिंग होम में बिना रजिस्ट्रेशन व सर्जन के वार्ड व ओटी का संचालन मिला। टीम ने चेतावनी देते हुए आवश्यक कार्रवाई की चेतावनी दी। टीम ने जांच के दौरान कुल 14 नर्सिंग होम, क्लीनिक व जांच केंद्रों की जांच की।
एसीएमओ डॉ. योगेंद्र दास ने कहा कि जांच के दौरान मानक विहीन अस्पतालों व जांच केंद्रों को नोटिस जारी किया जा रहा है। उचित जबाब व पत्रावली न मिलने पर विभागीय कार्रवाई की जाएगी।
जांच के दौरान मानक विहीन मिले निजी अस्पताल
सिकंदरपुर तहसील क्षेत्र एसडीएम सिकंदरपुर तहसील में एसडीएम सुनील कुमार के नेतृत्व में सीएचसी अधीक्षक डॉक्टर दिग्विजय सिंह की मौजूदगी में जांच टीम ने कस्बा के निजी अस्पतालों की जांच की। टीम ने घुरी बाबा के टोला के समीप, बेल्थरोड़ मार्ग सहित तीन निजी अस्पतालों की जांच किया।
जांच के दौरान अधिकारियों ने रजिस्ट्रेशन, चिकित्सकीय मानकों एवं उपकरणों की गुणवत्ता का गहन निरीक्षण किया, तीनों अस्पताल मानक विहीन मिले। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि बिना वैध अनुमति या मानकों के विपरीत संचालित किसी भी स्वास्थ्य संस्थान को बख्शा नहीं जाएगा।
उपजिलाधिकारी रवि कुमार एवं सीएचसी अधीक्षक मनीष जायसवाल ने नगर के हॉस्पिटल कॉम्प्लेक्स स्थित अल्ट्रसाउंड केंद्र एवं कोटवारी रोड मीरनगंज स्थित निजी अस्पताल को अनियमितता एवं अवैध पाए जाने पर सील कर दिया। नगरा स्थित निजी हॉस्पिटल को भी नोटिस दिया गया। टीम में क्षेत्राधिकारी आलोक कुमार गुप्ता, डॉ. तीर्थ राज आदि शामिल रहे।