बांदा में खूनी खेल: पारिवारिक विवाद सुलझाने गए 75 वर्षीय बुजुर्ग को लाठियों से पीटा, इलाज के दौरान मौत
Banda News:कमासिन थाना क्षेत्र के साड़ासानी गांव में पति-पत्नी के विवाद को शांत कराने गए 75 वर्षीय बुजुर्ग की मारपीट के बाद मौत हो गई। घटना के बाद पुलिस ने पहले से दर्ज मुकदमे में गैर इरादतन हत्या की धारा जोड़ने की तैयारी शुरू कर दी है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
बांदा जिले के कमासिन थाना क्षेत्र से एक बेहद दुखद और हैरान करने वाली वारदात सामने आई है। यहां साड़ासानी गांव में पति-पत्नी के बीच हो रहे आपसी विवाद को शांत कराने और बीच-बचाव करने गए एक 75 वर्षीय बुजुर्ग की लाठी-डंडों से पीट-पीटकर बेरहमी से घायल कर दिया गया।
गंभीर रूप से घायल बुजुर्ग ने निजी अस्पताल में इलाज कराने के बाद घर लौटते ही दम तोड़ दिया। इस घटना के बाद से पीड़ित परिवार में कोहराम मचा हुआ है। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए दर्ज मुकदमे में गैर इरादतन हत्या की धारा बढ़ाने और आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की कार्रवाई शुरू कर दी है।
भतीजे और बहू का झगड़ा शांत कराने गए थे रामअवतार
जानकारी के मुताबिक, कमासिन थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले गांव साड़ासानी के रहने वाले रामअवतार (75) शुक्रवार की रात लगभग नौ बजे अपने घर पर थे। इसी दौरान उन्हें पता चला कि उनके भतीजे कल्लू और उसकी पत्नी गुड़िया के बीच किसी घरेलू बात को लेकर भयंकर झगड़ा हो रहा है।
एक बुजुर्ग और परिवार के मुखिया होने के नाते रामअवतार दोनों के बीच सुलह-समझौता कराने और विवाद को शांत कराने के इरादे से उनके पास पहुंचे। लेकिन वहां पहले से मौजूद परिवार के ही एक अन्य सदस्य फूलचंद्र को रामअवतार का बीच-बचाव करना नागवार गुजरा।
गाली-गलौज के बाद चले लाठी-डंडे, दोनों पक्षों से हुए घायल
आरोप है कि देखते ही देखते फूलचंद्र बुजुर्ग रामअवतार पर भड़क गया और उसने गाली-गलौज शुरू कर दी। विवाद इतना बढ़ा कि दोनों पक्षों के बीच लाठी-डंडे चल गए। फूलचंद्र ने लाठियों से वार कर 75 वर्षीय रामअवतार को लहूलुहान कर दिया। इस खूनी संघर्ष में दोनों ही पक्षों से लोग घायल हुए।
मौके पर मची चीख-पुकार के बाद परिजनों ने तुरंत यूपी डायल-112 पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने स्थिति को संभाला और दोनों घायलों (रामअवतार और फूलचंद्र) को तुरंत इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया।
जिला अस्पताल से डिस्चार्ज होकर घर पहुंचे, देर रात थमीं सांसें
सीएचसी के डॉक्टरों ने फूलचंद्र की हालत गंभीर देखते हुए उसे बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल बांदा के लिए रेफर कर दिया। वहीं, बुजुर्ग रामअवतार के परिजनों ने उन्हें सीएचसी से ले जाकर एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया।
निजी अस्पताल में प्राथमिक उपचार और मरहम-पट्टी होने के बाद डॉक्टरों ने उन्हें डिस्चार्ज कर दिया। परिजन रामअवतार को लेकर वापस अपने घर साड़ासानी आ गए, लेकिन देर रात अचानक उनकी तबीयत फिर से तेजी से बिगड़ने लगी और कुछ ही देर में बुजुर्ग ने दम तोड़ दिया। घर में बुजुर्ग की मौत होते ही परिजनों में रोना-पीटना मच गया।
क्षेत्राधिकारी बबेरू, कृष्णकांत त्रिपाठी ने बताया कि घटना के बाद पीड़ित रामअवतार की ओर से आरोपी फूलचंद्र के खिलाफ मारपीट की प्राथमिकी पहले ही दर्ज कर ली गई थी। अब बुजुर्ग की मौत हो जाने के बाद इस मामले में दर्ज मुकदमे में गैर इरादतन हत्या की बढ़ोतरी की जाएगी। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है और मामले की निष्पक्ष जांच कर विधिक कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है।