जमीन के लिए कत्ल: दो पक्षों में हिंसक झड़प, 60 लोगों संग पहुंचे हमलावर; ट्रैक्टर से रौंदा और लाठियों से पीटा
सुबेहा में भूमि विवाद को लेकर दो पक्षों में हिंसक झड़प हो गई। इस दौरान एक बुजुर्ग शमशेर अली को ट्रैक्टर से रौंद दिया गया, जिससे उनकी मौत हो गई। पुलिस ने नौ लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
कोलवा पंचायत के पूरे गुमान गाँव में रविवार सुबह भूमि विवाद को लेकर दो पक्षों में हिंसक झड़प हो गई। मारपीट में 10 लोग घायल हो गए। आरोप है कि दूसरे पक्ष के लोगों ने चार लोगों को ट्रैक्टर से कुचलने की कोशिश की। ट्रैक्टर की चपेट में आने से शमशेर अली (70) गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें सीएचसी हैदरगढ़ ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। चार घायलों को लखनऊ रेफर किया गया है। पुलिस ने नौ लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
शमशेर।
मृतक के पुत्र मुश्ताक ने बताया कि रविवार सुबह करीब 10:30 बजे गांव निवासी रोशन उर्फ शिव सिंह 50-60 लोगों के साथ उनके चचेरे भाई उस्मान अली के घर के सामने स्थित जमीन को ट्रैक्टर से जोतने लगे। उनके चचेरे भाई रहमान की पत्नी बदरुनिशां (35) ने इसका विरोध किया तो रोशन और उसके साथियों ने मारपीट शुरू कर दी।
बचाव में पहुंचे मुश्ताक (34), अहमद अली (35), शमशेर अली, राशिद अली (58), सजीदुलनिशां (35), शबा (16), साबरीना बानो (16), अरमान अली (30), राजेंद्र कुमार (55) और शंकर लाल (66) को जमकर पीटा गया।
गिरफ्तार कर लिए गए चार आरोपी
66 आरोपी संदीप, पृथ्वी, कल्लू और मोहित को गिरफ्तार कर लिया गया है। कुछ संदिग्धों को पूछताछ के लिए थाने लाया गया है। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर घटना की पूरी कड़ी जोड़ने और अन्य शामिल लोगों की पहचान करने में जुटी है। हत्या, हत्या के प्रयास, दंगा-बलवा और भीड़ बनाकर हमला करने समेत अन्य गंभीर धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस और प्रशासन के अधिकारी लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं। अर्पित विजयवर्गीय, पुलिस अधीक्षक
वहीं शमशेर, राशिद, सजीदुलनिशां और बदरुनिशां को ट्रैक्टर से रौंदने की कोशिश की गई। शमशेर ट्रैक्टर की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें सीएचसी हैदरगढ़ ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। बदरुनिशा, सजीबुलनिशा, राजेंद्र कुमार और राशिद अली को सीएचसी से लखनऊ रेफर कर दिया गया। अन्य घायलों का उपचार सीएचसी में ही चल रहा है। जिस भूमि को लेकर विवाद हुआ, वह राजस्व अभिलेख में बंजर दर्ज है, इसका मुकदमा एसडीएम कोर्ट में विचाराधीन है। गांव में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।
घटना की जानकारी मिलते ही क्षेत्राधिकारी (सीओ) समीर कुमार सिंह मौके पर पहुंचे। पुलिस ने मृतक शमशेर के पुत्र मुश्ताक की शिकायत पर रोशन उर्फ शिव सिंह, उसके भाई गुलशन सिंह, विक्रमजीत सिंह, पृथ्वीराज सिंह, श्यामजीत सिंह, सूरज सिंह, पूरे अहिरन गांव के संदीप सिंह, किरसिया के मोहित सिंह, पूरे राजवन के कल्लू सिंह व अन्य अज्ञात के खिलाफ गंभीर धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर ली है।
पूरे गुमान में एक घंटे तक होता रहा तांडव, सहमे लोग
सुबेहा के कोलवा पंचायत के गांव पूरे गुमान में करीब एक घंटे तक खूनी खेल खेला गया। किसी को ट्रैक्टर से रौंदने की कोशिश की गई तो किसी को लाठियों से जमकर मारा गया। जब पुलिस पहुंची तो उसे जमीन पर बेसुध चोटिल ही मिले, खूनी खेल खेलने वाले नहीं। वारदात के वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं। हालांकि, संवाद न्यूज एजेंसी वीडियो की सत्यता की पुष्टि नहीं करती है।
वीडियो में लाठियों से दौड़ा-दौड़ाकर पीटते नजर आए हमलावर
जमीन के एक छोटे से टुकड़े के लिए रविवार सुबह जब दोनों पक्ष आमने सामने आए तो किसी ने इस तरह की भयावहता का अंदाजा नहीं लगाया होगा, जैसा कि घटित हो गया। हमलावरों ने इस कदर चोट पहुंचाई कि दूसरे पक्ष के 10 लोग अपनी सुध बुध खो बैठे।
एसपी ने की तहकीकात
शमशेर के अलावा उनके परिवार के सात लोग व गांव के राजेंद्र और शंकर लाल भी गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस के पहुंचने के पहले ही हमलावर भाग निकले। एंबुलेंस से सभी घायलों को सीएचसी भेजा गया। करीब एक बजे सीओ समीर सिंह और दो बजे एसडीएम अश्वनी कुमार सिंह गांव पहुंचे। भारी संख्या में पुलिस बल बुलाया गया। देर शाम तक गांव में माहौल तनावपूर्ण बना रहा। गांव वाले वारदात से सहमे नजर आए।
एसपी अर्पित विजयवर्गीय भी घटना की जांच करने पूरे गुमान गांव पहुंचे। उन्होंने गांव के लोगों को बुलाकर पूरा मामला जाना। लाठियां चलाने वाले, ट्रैक्टर दौड़ाने वाले और पथराव करने वालों के बारे में जानकारी की। वह काफी देर तक गांव में रुके और तहकीकात करते रहे।
सीएचसी में जुटी भीड़ पूरे गुमान गांव में बवाल की सूचना पर बड़ी संख्या में मुस्लिम समुदाय के लोग घायलों का हाल जानने सीएचसी हैदरगढ़ पहुंच गए। वहां माहौल न खराब हो, इसके लिए पुलिसकर्मियों को तैनात कर दिया गया। घायलों के इलाज के लिए चिकित्सकों की टीम लगा दी गई।
बंजर जमीन को लेकर बवाल
ग्रामीणों के मुताबिक करीब पांच बिस्वा जमीन, जो राजस्व अभिलेख में बंजर दर्ज है, उसी पर कब्जे को लेकर काफी समय से विक्रमजीत और शमशेर के बीच तनातनी चल रही थी। इसके निस्तारण के लिए कई बार संपूर्ण समाधान दिवस में शिकायतें की गई पर निस्तारण नहीं हो सका। इसका एक वाद भी एसडीएम कोर्ट में दायर होने की बात सामने आई है।