UP News: बस में फिल्मी अंदाज में चोरी, चार शातिरों ने 9.50 किलो चांदी के पायल किए पार; वारदात सीसीटीवी में कैद
बाराबंकी में निजी बस से 9.50 किलो के चांदी के पायल चोरी कर लिए गए। वारदात बस में लगे सीसीटीवी में कैद हो गई। व्यापारी ने पुलिस को तहरीर देकर आरोपियों पर कार्रवाई की मांग की है। आगे पढ़ें पूरी खबर...
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
यूपी के बाराबंकी में चार शातिरों ने निजी बस से करीब 9.50 किलो चांदी के पायल पार कर दिए। पूरी वारदात बस में लगे सीसीटीवी में कैद हो गई। व्यापारी के अनुसार, चांदी के पायल में 40 फीसदी शुद्ध चांदी थी। करीब छह लाख का नुकसान हुआ है।
बताया गया कि सराफा फर्म के दो कर्मचारी आगरा से माल लेकर गोरखपुर जा रहे थे। गोरखपुर पहुंचने पर घटना का पता चला। सराफा व्यवसायी ने बृहस्पतिवार को रामसनेहीघाट कोतवाली में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
देवेश होटल के पास रुकी थी बस
आगरा के रामबाग जमुना ब्रिज के निवासी सराफा व्यवसायी कृष्ण कुमार खंडेलवाल ने बताया कि उनकी फर्म के कर्मचारी आगरा के ही रहने वाले राहुल सिंह और मंयक खंडेलवाल 26 जुलाई को सात डिब्बों में चांदी के पायल रखकर निजी बस से गोरखपुर जा रहे थे। रास्ते में 05 बजकर 40 मिनट पर बस रामसनेहीघाट कोतवाली क्षेत्र के देवेश होटल के पास रुकी।
यहां पर 05 बजकर 45 मिनट पर कार से चार लोग आए। दो 47 मिनट बाद चारों बस में चढ़ गए। इनमें से दो लोग कर्मचारियों के सामने खड़े हो गए। जबकि, शेष दो ने सीट के नीचे रखे बैग से चांदी के पायल वाले चार डिब्बे पार कर दिए। गोरखपुर पहुंचने पर कर्मचारियों ने बैग की जांच की तो चार डिब्बे गायब मिले। यह देखकर उनके होश उड़ गए। उन्होंने तत्काल सराफा व्यवसायी को सूचना दी।
पूरी वारदात सीसीटीवी में रिकॉर्ड मिली
व्यवसायी ने बस मालिक से संपर्क किया। जानकारी मिली कि संबंधित बस 27 जुलाई को दिल्ली पहुंचेगी। सराफा व्यवसायी ने दिल्ली पहुंचकर बस की जांच कराई। बस में लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज देखने पर पूरी वारदात रिकॉर्ड मिली। फुटेज में चार संदिग्ध व्यक्ति बैग से डिब्बे निकालते हुए दिखाई दे रहे हैं।इसके बाद व्यवसायी आगरा से बाराबंकी पहुंचे। रामसनेहीघाट कोतवाली में तहरीर देकर एफआईआर दर्ज करके कार्रवाई की मांग की। सीओ रामसनेहीघाट सौरभ श्रीवास्तव का कहना है कि तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान करके जल्द गिरफ्तारी का प्रयास किया जाएगा।