अग्निवीर भर्ती: चार चरणों में शारीरिक परीक्षा, इतने मिनट में दौड़ पूरी करने पर मिलेंगे 60 अंक; जानें डिटेल
बरेली के जाट रेजिमेंट में आयोजित होने वाली सेना अग्निवीर भर्ती में 12 जिलों के अभ्यर्थी दमखम दिखाएंगे। भर्ती प्रक्रिया में शारीरिक परीक्षा में दौड़, चिनअप, बैलेंसिंग वॉल व नौ फिट डिश के राउंड होंगे। अभ्यर्थियों को इन्हें क्वालीफाई करना होगा।
विस्तार
अग्निवीर भर्ती परीक्षा के लिए व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देने के बीच अभ्यर्थी भी तैयारियों में जुटे हुए हैं। बरेली के जाट रेजीमेंट सेंटर में 11 से 19 मार्च तक 12 जिलों के अभ्यर्थी दमखम दिखाएंगे। 20-21 मार्च को सफल अभ्यर्थियों का मेडिकल कराने के साथ 22-23 मार्च को उनके प्रमाणपत्रों की जांच की जाएगी।
भर्ती बोर्ड की ओर से दिन व जिलावार अभ्यर्थियों की शारीरिक परीक्षा के लिए दिन निर्धारित कर दिए गए हैं। एनसीसी की 21वीं यूपी बटालियन के बीएचएम (ड्रिल इंस्ट्रक्टर) नरपत बिश्नोई ने बताया कि इस भर्ती परीक्षा में शारीरिक परीक्षा में दौड़, चिनअप, बैलेंसिंग वॉल व नौ फिट डिश के राउंड होंगे।
1600 मीटर दौड़ 5.51 मिनट में पूरे करने वाले अभ्यर्थी को पूरे 60 अंक मिलेंगे। समय के हिसाब से क्रमश: 48, 36, 24 अंक मिलेंगे। चिनअप के लिए 40 नंबर का राउंड होगा। पूरे 10 चिनअप लगाने वाले को 40 अंक मिलेंगे। इसके बाद बैलेंसिंग वॉल और फिर नौ फिट डिश का राउंड है। इसमें अभ्यर्थी को क्वालीफाई करना होगा।
दौड़ से पहले न खाएं केले, कम पिएं पानी
एनसीसी के ड्रिल इंस्ट्रक्टर नरपत बिश्नोई ने बताया कि अभ्यर्थी दौड़ से पहले केले व समोसे जैसी चीजें खाने से बचें। आधा लीटर से अधिक पानी न पिएं। चाय पीने से भी बचें। एक-दो बिस्कुट खा सकते हैं। फिजिकल परीक्षा पूरी होने के बाद डेढ़ लीटर तक पानी पी सकते हैं।
मादक पदार्थों के सेवन से बचें अभ्यर्थी
सेना के एक अधिकारी ने बताया कि कई अभ्यर्थी इस तरह की भर्ती परीक्षा में शक्ति वर्धक दवाओं व इंजेक्शन का इस्तेमाल करने के बाद दौड़ लगाते हैं। ऐसा भूल कर भी न करें। इसका कई लोगों पर नकारात्मक असर देखने को मिलता है।
चयनितों को लिखित परीक्षा से पहले जमा करने होंगे आवश्यक दस्तावेज
शारीरिक परीक्षा उत्तीर्ण करने वाले अभ्यर्थियों को कक्षा-10 व 12 की मार्कशीट, ओबीसी प्रमाणपत्र, मूल निवास प्रमाणपत्र, चरित्र प्रमाणपत्र तैयार रखना होगा। लिखित परीक्षा से पहले इन्हें जमा करना होगा।
- 11 मार्च- अग्निवीर (टेक्निकल) (सभी 12 जिले के अभ्यर्थियों के लिए)।
- 12 मार्च- अग्निवीर (ट्रेड्समेन 8वीं, 10वीं) (सभी 12 जिले के अभ्यर्थियों के लिए और अग्निवीर (क्लर्क/एसकेटी)
- 13 मार्च- अग्निवीर (जनरल ड्यूटी) बहराइच, बलरामपुर, श्रावस्ती, लखीमपुर खीरी।
- 14 मार्च- अग्निवीर (जनरल ड्यूटी) शाहजहांपुर, सीतापुर।
- 15 मार्च- अग्निवीर (जनरल ड्यूटी) संभल और पीलीभीत।
- 16 मार्च- अग्निवीर (जनरल ड्यूटी) हरदोई।
- 17 मार्च- अग्निवीर (जनरल ड्यूटी) फर्रुखाबाद।
- 18 मार्च- अग्निवीर (जनरल ड्यूटी) बदायूं।
- 19 मार्च- अग्निवीर (जनरल ड्यूटी) बरेली।
