अमर ज्योति निवेश घोटाला: आरोपी तीनों भाइयों पर प्रशासन ने कसा शिकंजा, पेश न होने पर कुर्क होगी संपत्ति
अमर ज्योति निवेश घोटाला मामले में फरार चल रहे आरोपी तीनों भाइयों पर प्रशासन ने कानूनी शिकंजा कस दिया है। मामले में कोर्ट ने धारा 82 के तहत कुर्की उद्घोषणा जारी करने के आदेश दिए हैं। इस पर पुलिस ने कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
बदायूं में करीब 200 करोड़ के अमर ज्योति निवेश घोटाले में फरार चल रहे तीनों भाइयों शशिकांत, सूर्यकांत और श्रीकांत की मुश्किलें बढ़ गई हैं। हाईकोर्ट द्वारा उनकी याचिका खारिज किए जाने के बाद अब सीजेएम कोर्ट ने धारा 82 के तहत कुर्की उद्घोषणा जारी करने के आदेश दिए हैं। इस कार्रवाई से हजारों निवेशकों को न्याय की उम्मीद जगी है, जिनकी गाढ़ी कमाई फंसी हुई है।
तीनों भाइयों के खिलाफ पहले ही गैर जमानती वारंट (एनबीडब्ल्यू) जारी हो चुके हैं। अब पुलिस जल्द ही आरोपियों के घरों और संभावित ठिकानों पर नोटिस चस्पा कर उन्हें निर्धारित समय के भीतर न्यायालय या पुलिस के समक्ष उपस्थित होने की चेतावनी देगी। यदि आरोपी कोर्ट में पेश नहीं होते हैं तो उनकी संपत्तियों की कुर्की की कार्रवाई भी की जा सकती है। घोटाले में हजारों निवेशकों की गाढ़ी कमाई फंसी है।
निवेशकों को रकम वापसी की उम्मीद
हाईकोर्ट से राहत न मिलने और धारा 82 की कार्रवाई शुरू होने के बाद आरोपियों पर कानूनी दबाव बढ़ गया है। अदालत ने इससे पहले भी निवेशकों की धनराशि लौटाने के निर्देश दिए थे, लेकिन आरोपियों ने उसका पालन नहीं किया था। निवेशकों को उम्मीद है कि प्रशासन जल्द कोई बड़ी कार्रवाई करेगा। हालांकि लोगों में यह चिंता भी है कि यदि आरोपी लंबे समय तक फरार रहे तो उनकी रकम वापस मिलने की प्रक्रिया और लंबी हो सकती है।
मई 2025 में अचानक बंद हुआ था कार्यालय
जानकारी के अनुसार, बरेली निवासी तीनों भाई लंबे समय तक निवेशकों को भुगतान का आश्वासन देते रहे। कई बार लोगों को यह कहकर टाला गया कि कंपनी की आर्थिक स्थिति जल्द सुधर जाएगी। सभी का पैसा वापस कर दिया जाएगा। मई 2025 में अचानक कंपनी का कार्यालय बंद कर दिया गया और तीनों भाई फरार हो गए। मामले की गंभीरता को देखते हुए बदायूं में चार और बरेली में कई मामले दर्ज किए गए हैं।
शहर कोतवाल संजय सिंह ने बताया कि अमर ज्योति कंपनी घोटाले में तीनों भाइयों के खिलाफ गिरफ्तारी के वारंट जारी हो चुके हैं। कोर्ट ने धारा 82 में कुर्की की उद्घोषणा के आदेश दिए हैं। तीनों आरोपी बरेली जिले के निवासी हैं। पुलिस जल्द ही उनके घर जाकर यह कार्रवाई अमल में लाएगी। अगर फिर भी आरोपी कोर्ट में पेश नहीं हुए तो उनकी संपत्ति कुर्क करने की कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।