Bareilly News: अपहरण का आरोपी पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तार, पैर में लगी गोली, एक सिपाही भी घायल
बरेली में शराब की दुकान के सेल्समैन को अगवा के आरोपी को इज्जतनगर थाना पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के पैर में गोली लगी है। एक सिपाही भी घायल हुआ है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
बरेली के इज्जतनगर थाना क्षेत्र में पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। इस दौरान अपहरण के एक वांछित आरोपी को घायल अवस्था में गिरफ्तार कर लिया गया। मुठभेड़ में एक सिपाही भी घायल हुआ है। यह घटना मुठभेड़ मंगलवार रात कलापुर पुलिया पीलीभीत मार्ग पर वाहन चेकिंग के दौरान हुई।
थाना पुलिस के मुताबिक टीम ने बाइक सवार दो संदिग्ध व्यक्तियों को रोकने का प्रयास किया, लेकिन वे भागने लगे। पीछा करने पर बाइक सवारों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी, जिससे सिपाही नीशू तिवारी घायल हो गए। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में एक आरोपी विमल के दाहिने पैर में गोली लगी और उसे गिरफ्तार कर लिया गया। उसका एक साथी अंधेरे का फायदा उठाकर भाग गया, जिसकी तलाश जारी है।
गिरफ्तार आरोपी विमल इज्जतनगर थाने में दर्ज अपहरण के एक मामले में वांछित था। घायल आरोपी और सिपाही को उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया। पुलिस ने विमल के कब्जे से एक तमंचा, कारतूस, 250 रुपये नकद और चोरी की बाइक बरामद की है। इस मुठभेड़ के संबंध में इज्जतनगर थाने में नया मामला पंजीकृत किया गया है।
युवक को किया था अगवा
पूछताछ में अभियुक्त विमल ने बताया कि उसने अपने साथियों उमाशंकर, आकाश और हरनेश के साथ मिलकर नौ मई 2026 को फन सिटी के आगे से एक युवक का अपहरण किया था। इस अपहरण कांड में उसका साथी उमाशंकर पहले ही पुलिस द्वारा गिरफ्तार किया जा चुका है। विमल फरार चल रहा था। अन्य की तलाश की जा रही है।