UP News: बरेली में बीडीए ने दो कोचिंग सेंटरों को किया सील, कई अन्य पर भी हो सकती है कार्रवाई
लखनऊ हादसे के बाद बरेली में कोचिंग सेंटरों की जांच दूसरे दिन भी जारी रही। राजेंद्र नगर स्थित ओमेगा क्लासेस कोचिंग सेंटर को सील किया गया। मानक पूरे नहीं मिलने पर कार्रवाई की गई। इसके अलावा मेट्रिक्स कोचिंग सेंटर को भी सील कर दिया गया है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
लखनऊ अग्निकांड के बाद बरेली में कोचिंग सेंटरों और होटलों की जांच जारी है। शहर में अवैध और मानकों के विपरीत चल रहे कोचिंग सेंटरों के खिलाफ बीडीए का अभियान दूसरे दिन भी पूरी सख्ती के साथ जारी रहा। इस अभियान के तहत प्राधिकरण की टीम ने शहर के कई इलाकों में छापेमारी की, जहां सुरक्षा मानकों की धज्जियां उड़ती पाई गईं। राजेंद्र नगर में संचालित ओमेगा क्लासेस में मानक पूरे नहीं मिले हैं। बीडीए व फायर की एनओसी नहीं ली थी। कोचिंग के एक कमरे में 150 छात्रों को बैठाया जा रहा था। इस पर बीडीए ने ओमेगा क्लासेस को सील कर दिया। वहीं मेट्रिक्स कोचिंग सेंटर को भी सील किया गया है।
जांच के दौरान टीम उस समय हैरान रह गई जब कई रिहायशी (आवासीय) भवनों में धड़ल्ले से कोचिंग सेंटर संचालित होते मिले। हद तो तब हो गई जब कुछ इमारतों में छात्रों के आने-जाने के लिए बने जीने (सीढ़ियों) की चौड़ाई एक फीट भी नहीं पाई गई। ऐसे संकरे रास्तों के कारण किसी भी आपातकालीन स्थिति या हादसे के वक्त छात्रों का सुरक्षित निकलना नामुमकिन है।
दांव पर लगाई जा रही छात्रों की जिंदगी
व्यावसायिक गतिविधियों के लिए तय नियमों को ताक पर रखकर बिना किसी फायर सेफ्टी और पुख्ता निकास व्यवस्था के इन सेंटरों में सैकड़ों बच्चों की जिंदगी दांव पर लगाई जा रही है। बीडीए के अधिकारियों ने इस घोर लापरवाही का संज्ञान लिया है। प्राधिकरण अब ऐसे सभी दोषी भवन स्वामियों को चिन्हित कर उन्हें कारण बताओ नोटिस भेजने की बड़े पैमाने पर तैयारी कर रहा है।
बीडीए प्रशासन का साफ कहना है कि आवासीय संपत्तियों का व्यावसायिक इस्तेमाल और छात्रों की सुरक्षा से खिलवाड़ किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। आने वाले दिनों में नियमों का उल्लंघन करने वाले इन कोचिंग सेंटरों को सील करने और उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने की भी रूपरेखा तैयार की जाएगी।
मंगलवार को सील हुए थे दो होटल
बीडीए और अग्निशमन विभाग की संयुक्त टीम ने मंगलवार को रामपुर बाग स्थित कोचिंग सेंटरों और लाइब्रेरियों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अधिकांश कोचिंग संस्थानों में सुरक्षा की स्थिति बेहद खराब मिली। अभियान के दौरान मानक पूरे न मिलने पर दो होटलों को सील किया गया। 16 संचालकों को नोटिस जारी किए गए हैं।
जांच के दौरान सामने आया कि कोचिंग सेंटरों में संकरी गलियां, आने-जाने का इकलौता रास्ता और आग बुझाने के इंतजाम नदारद दिखे। बच्चों की जान से खिलवाड़ होता दिखा। अग्निशामक यंत्र एक्सपायर मिले। सुबह 10 बजे से करीब छह घंटे तक चली इस मैराथन जांच में सुरक्षा नियमों की धज्जियां उड़ती मिलीं। अधिकारियों ने कार्रवाई के नाम पर केवल नोटिस जारी किए। हालांकि इस दौरान किसी भी सेंटर को सील नहीं किया गया।