Bareilly News: बरेली कॉलेज में सम सेमेस्टर की कक्षाएं पांच फरवरी से, छात्रों की 75 प्रतिशत उपस्थिति अनिवार्य
बरेली में सम सेमेस्टर की कक्षाएं पांच फरवरी से शुरू होने जा रही है। इसे लेकर प्राचार्य ने सख्त निर्देश दिए हैं। छात्रों की 75 प्रतिशत उपस्थिति अनिवार्य कर दी गई है। कहा गया है कि कम उपस्थिति होने पर छात्रों को परीक्षा से वंचित कर दिया जाएगा।
विस्तार
बरेली कॉलेज में आगामी सेमेस्टर की तैयारियां शुरू हो चुकी हैं। सम सेमेस्टर की कक्षाएं पांच फरवरी से शुरू होने वाली हैं। शनिवार को सभी विभागाध्यक्षों की बैठक हुई, इसमें प्राचार्य ने विद्यार्थियों की उपस्थिति सम सेमेस्टर में अनिवार्य होने के लिए कहा। यदि विद्यार्थी की उपस्थिति 75 प्रतिशत से कम हुई तो अगले सत्र की परीक्षा में बैठने से रोका जाएगा।
रुहेलखंड विश्वविद्यालय की विषम सेमेस्टर की विभिन्न कोर्स की परीक्षाएं धीरे-धीरे समापन की ओर हैं, परीक्षाओं के बाद सम सेमेस्टर की पठन-पाठन की तैयारियां शुरू हो चुकी हैं। बरेली कॉलेज में शनिवार को प्राचार्य ओपी राय ने विज्ञान वर्ग के विभागाध्यक्षों के साथ कक्षा में छात्र-छात्राओं की उपस्थिति को लेकर मंथन किया, जिसमें सम सेमेस्टर की कक्षाएं पांच फरवरी से संचालित होंगी।
छात्रों की उपस्थिति सुनिश्चित के निर्देश
इसके लिए विद्यार्थियों को अपने विषय के प्रभारी एवं प्राध्यापकों से संपर्क कर टाइम टेबल के अनुसार कक्षाओं में अनिवार्य रूप से उपस्थित होना है। वहीं, प्राध्यापकों को भी टाइम टेबल तैयार कर कक्षा में छात्रों की उपस्थिति सुनिश्चित करने के लिए कहा। यदि विद्यार्थी की उपस्थिति कक्षा में कम रहती है तो उन्हें विश्वविद्यालय की परीक्षा में फॉर्म फारवर्ड नहीं किया जाएगा।
उन्होंने कहा शिक्षकों को भी विद्यार्थी को कक्षा तक लाने के लिए प्रयास करने होंगे तभी स्थिति में सुधार आ सकता है। कक्षाएं शुरू होते ही प्रत्येक माह की उपस्थिति क्रिस्प प्रोफार्मा में भी अपलोड करनी होगी। शिक्षकों को यह भी ध्यान रखने को कहा कि कक्षा में नहीं आने वाले विद्यार्थियों से उनकी समस्याओं के बारे में जानें। उनका निस्तारण कर छात्रों को कक्षा तक लाना होगा। यदि किसी विद्यार्थी की कक्षा में कम उपस्थिति हुई तो उसे विश्वविद्यालय की परीक्षा में शामिल होने नहीं दिया जाएगा।
बीए प्रथम व पंचम सेमेस्टर की परीक्षाएं स्थगित
रुहेलखंड विश्वविद्यालय की परीक्षाएं यूपीएसएसएसी व सीटीईटी की परीक्षाएं होने के कारण संबद्ध महाविद्यालयों में बीए, बीएससी की प्रथम व पंचम सेमेस्टर की परीक्षाएं स्थगित की गई हैं। इस कारण एक फरवरी को होने वाली बीए प्रथम सेमेस्टर के फूड न्यूट्रीशन की परीक्षा 12 फरवरी और बीए पंचम सेमेस्टर की इंग्लिश लिट्रेचर की परीक्षा एक फरवरी की जगह तीन फरवरी को होगी। वहीं, बीए प्रथम सेमेस्टर की समाजशास्त्र की परीक्षा सात की बजाए 13 फरवरी, बीए प्रथम सेमेस्टर की समाजशास्त्र की परीक्षा आठ फरवरी की बजाय 14 फरवरी को होगी।
सीटीईटी की परीक्षा सात व आठ को
नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (एनटीए) की ओर से जिले में सात व आठ फरवरी को सीटीईटी (सेंट्रल टीचिंग एलिजिबिलिटी टेस्ट) की परीक्षा आयोजित होगी। एनटीए कोर्डिनेटर पारुष अरोड़ा ने बताया कि परीक्षा दो पालियों में होगी, जिसमें 32 हजार विद्यार्थी 24 सेंटरों पर परीक्षा देंगे। प्रथम पाली सुबह 9.30 बजे व दूसरी पाली दोपहर ढाई बजे से शुरू होगी। संवाद
रुहेलखंड विश्वविद्यालय में कक्षाएं नौ फरवरी से
रुहेलखंड विश्वविद्यालय कैंपस में भी परीक्षाएं लगभग समाप्त हो चुकी हैं। प्रैक्टिकल खत्म होते ही, बीटेक, एमएससी, एमए, बीफार्मा, एमबीए आदि कोर्स की कक्षाएं नौ फरवरी से आरंभ हो जाएंगी। जिसका टाइम टेबल भी बनकर तैयार हो चुका है।
