Budget 2026: बजट से एमएसएमई को मिलेगी बूस्टर डोज, बरेली जिले में बढ़ेंगे उद्योग
बरेली जिले में एमएसएमई के अंतर्गत करीब चार हजार औद्योगिक इकाइयां स्थित हैं, जिनमें करीब 50 हजार से अधिक श्रमिक हैं। इस बजट में एमएसएमई को बढ़ावा देने के लिए जो एलान किए गए हैं, उससे औद्योगिक इकाइयों को लाभ मिलेगा। रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे।
विस्तार
सूक्ष्म लघु एवं मध्यम उद्योग (एमएसएमई) को बढ़ावा देने के लिए आम बजट में कई घोषणाएं की गई हैं। बरेली जिले में संचालित चार हजार औद्योगिक इकाइयों एवं इनमें कार्यरत 50 हजार से अधिक श्रमिकों को इससे लाभ होगा। इस बजट में वित्तमंत्री ने एमएसएमई सेक्टर के लिए 10 हजार करोड़ रुपये का प्रस्ताव रखा है। इससे छोटे कारोबारियों को बड़े फायदे होंगे। रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे।
वित्त मंत्री ने महात्मा गांधी हैंडलूम योजना, पांच लाख से ज्यादा आबादी वाले शहरों में ज्यादा इंफ्रास्ट्रक्चर की घोषणा की है। सरकार छोटे लोन के लिए गारंटी भी देगी। इसके अलावा सरकार छोटी कंपनियों से सीधे सामान खरीदेगी, जिसका लाभ छोटे कारोबारियों को होगा।
स्थानीय उत्पादों को चाहिए बाजार
जिले में एमएसएमई सेक्टर तेजी से बढ़ रहा है। शहर में जरी-जरदोजी, बांस-बेत, लकड़ी का बड़ा कारोबार है। यहां का बना माल दूसरे शहरों के साथ कई राज्यों में जाता है। जरी का करीब 100 करोड़ रुपये का टर्नओवर है। बांस-बेत का 10 करोड़ तो लकड़ी के फर्नीचर का टर्नओवर करीब 100 करोड़ रुपये है।
उद्यमी बताते हैं कि जरी व बांस का कारोबार एक जिला एक उत्पाद में शामिल है, लेकिन सरकार ने इन्हें बेचने के लिए कोई व्यवस्था नहीं की है। कारोबारी कई बार मांग कर चुके हैं कि ओडीओपी उत्पादों को बेचने के लिए एक स्थान बनाया जाए, जहां से जिलेभर में बनने वाला सामान एक छत के नीचे बिक सके। इस बजट में भी ऐसी कोई व्यवस्था नहीं किए जाने से उद्यमी निराश हैं।
केंद्रीय बजट देश के समग्र विकास को गति देगा: डॉ. आर्य
केंद्रीय बजट देश के समग्र विकास को गति देगा और आत्मनिर्भर भारत की परिकल्पना को मजबूत करेगा। बजट में बुनियादी ढांचे, शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार सृजन पर विशेष ध्यान दिया गया है। इससे आम जनता को सीधा लाभ मिलेगा। यह बातें नवाबगंज के भाजपा विधायक डॉ. एमपी आर्य ने कहीं। भारतीय जनता पार्टी की जिला इकाई की ओर से केंद्रीय बजट के सीधे प्रसारण की व्यवस्था सौ फुटा रोड स्थित अशरफी बैंक्वेट हॉल में की गई। यहां पार्टी के जिला पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, मोर्चों के अध्यक्षों और कार्यकर्ताओं ने बजट भाषण को सुना।
डॉ. एमपी आर्य ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने लगातार नौंवी वार बजट पेश किया। उन्होंने कहा कि यह बजट आत्मनिर्भरता, समावेशी विकास और आर्थिक अनुशासन का संतुलित उदाहरण है। लगभग सात प्रतिशत की निरंतर आर्थिक वृद्धि दर वैश्विक परिस्थितियों में भारत की आर्थिक ताकत को दर्शाती है। भाजपा जिलाध्यक्ष सोमपाल शर्मा ने कहा कि यह बजट विकासोन्मुखी है और इसे हर वर्ग की अपेक्षाओं को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है। यह बजट दूरदर्शी सोच पर आधारित है, जिसमें इंफ्रास्ट्रक्चर, रोजगार सृजन, आत्मनिर्भर भारत और तकनीकी सशक्तिकरण को प्राथमिकता दी गई है। एमएसएमई सेक्टर, स्वास्थ्य सेवाओं, ग्रीन एनर्जी और बायो-फार्मा सेक्टर के लिए किए गए प्रावधान देश की अर्थव्यवस्था को दीर्घकालिक मजबूती देंगे।
सपा सांसद बोले- बजट से आज लोग निराश
आंवला के सपा सांसद नीरज मौर्य ने बताया कि आम बजट में सरकार ने उत्तर प्रदेश जैसे देश के बड़े राज्य पर गंभीरता से ध्यान नहीं दिया। यह इतना बड़ा राज्य है कि यहां किसान, मजदूर और गरीब बड़ी संख्या में रहते हैं। उनके लिए कोई योजना नहीं बनाई गई, उनके लिए कुछ भी नहीं किया गया और उनका जिक्र तक नहीं हुआ। हमें लगता है कि देश के गरीब, कमजोर और आम लोग निराश हुए हैं। सभी लोग देख सकते हैं कि शेयर बाजार धराशायी हो गया है और कमोडिटी बाजारों को भारी नुकसान हुआ है। इस बजट में आम जनमानस के लिए कोई राहत नही दी गई है।
