Holi Special Train: बरेली होकर गुजरने वाली आठ विशेष ट्रेनों में मिल रहे कन्फर्म टिकट, जल्द करा लें बुक
होली पर नियमित ट्रेनों में कन्फर्म टिकट नहीं मिल रहे हैं। लंबी वेटिंग आ रही हैं। वहीं बरेली होकर गुजरने वाली आठ विशेष ट्रेनों में हजारों की संख्या में सीटें खाली हैं।
विस्तार
बरेली होकर गुजरने वाली लंबी दूरी की आठ विशेष गाड़ियों में 26 फरवरी से पांच मार्च तक कन्फर्म टिकट मिल रहे हैं। इन गाड़ियों में हजारों की संख्या में सीटें खाली हैं। दूसरी ओर इन दिनों नियमित ट्रेनों में लंबी वेटिंग आ रही है। काफी संख्या में लोग ज्यादा किराया देकर नियमित ट्रेनों में तत्काल टिकट बुक करा रहे हैं।
इस बार रेलवे ने बरेली होते हुए 48 से ज्यादा विशेष गाड़ियों की समय सारिणी जारी करने के साथ आठ विशेष ट्रेनों के फेरों को बढ़ाया है। हालांकि, विशेष गाड़ियां लेटलतीफी का शिकार होती हैं। दूसरी ओर इनमें नियमित ट्रेनों के मुकाबले किराया भी ज्यादा होता है। इसके बाद भी नियमित ट्रेनों में कन्फर्म टिकट न मिलने पर लोग विशेष ट्रेनों में टिकट बुक करा रहे हैं। 12 विशेष ट्रेनों का संचालन शुरू हो चुका है। अन्य का संचालन 26 फरवरी से शुरू हो जाएगा। अलग-अलग तारीखों में विशेष गाड़ियां बरेली होकर गुजरेंगी।
इन ट्रेनों में सीटें खाली
- 04021 गोरखपुर-नई दिल्ली, 04513 गोरखपुर-चंडीगढ़, 09076 काठगोदाम-मुंबई सेंट्रल, 05045 लालकुआं-राजकोट, 05301 मऊ-अंबाला, 05005 बढ़नी-अमृतसर विशेष गाड़ी में सीटें खाली हैं।
- 05023 गोमतीनगर-खातीपुरा विशेष और 05060 लालकुआं-कोलकाता विशेष गाड़ी में भी सीटें उपलब्ध हैं।
पूर्णागिरि जनशताब्दी एक्सप्रेस को दो स्टेशनों पर ठहराव
रेलवे ने टनकपुर-दिल्ली के पूर्णागिरि जनशताब्दी एक्सप्रेस को 26 फरवरी से मझोला पकड़िया स्टेशन पर प्रायोगिक आधार दो मिनट का ठहराव दिया है। सीनियर डीसीएम संजीव शर्मा ने बताया कि बृहस्पतिवार को केंद्रीय राज्यमंत्री जितिन प्रसाद मझोला बीच चलने वाली 12035/12036 पकड़िया रेलवे स्टेशन से गाड़ी को हरी झंडी दिखाएंगे।
12035 टनकपुर-दिल्ली जन शताब्दी एक्सप्रेस 26 फरवरी को मझोला पकड़िया स्टेशन पर सुबह 11:59 बजे पहुंचकर 12:01 बजे छूटेगी। 12036 दिल्ली-टनकपुर जन शताब्दी एक्सप्रेस दोपहर 2:50 बजे पहुंचकर 2:52 बजे छूटेगी। अन्य स्टेशनों पर गाड़ी के आवागमन का समय पूर्ववत रहेगा।
