UP Board Exam: बरेली से होगी 872 परीक्षा केंद्रों की निगरानी, क्षेत्रीय कार्यालय में बना हाईटेक कंट्रोल रूम
UP Board Exam 2026: यूपी बोर्ड के हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की परीक्षाएं 18 फरवरी से शुरू हो रही हैं। परीक्षाओं को पूरी तरह नकलविहीन और पारदर्शी कराने के लिए कड़ी निगरानी की जाएगी। इसके लिए बरेली के क्षेत्रीय कार्यालय में हाईटेक कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है।
विस्तार
उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद की बोर्ड परीक्षाएं 18 फरवरी से शुरू होने जा रही हैं। परीक्षा को पूरी तरह नकलविहीन और पारदर्शी बनाने के लिए बोर्ड के बरेली क्षेत्रीय कार्यालय में हाईटेक कंट्रोल रूम भी स्थापित किया गया है। इस कंट्रोल रूम में स्थापित नौ अत्याधुनिक कंप्यूटरों के जरिए बरेली और मुरादाबाद मंडल के कुल 872 परीक्षा केंद्रों की चौबीसों घंटे निगरानी की जाएगी। प्रशासन का मुख्य फोकस केंद्रों के स्ट्रांग रूम पर है, जहां प्रश्न पत्रों को कड़ी सुरक्षा और सीसी कैमरों के पहरे में रखा जाएगा।
परीक्षा की शुचिता बनाए रखने के लिए नियमों को भी सख्त किया गया है। नए निर्देशों के अनुसार सभी परीक्षार्थियों को परीक्षा शुरू होने से आधा घंटा पहले केंद्र पर अपनी उपस्थिति दर्ज करानी होगी, जबकि कक्ष निरीक्षकों को ड्यूटी के लिए एक घंटा पहले पहुंचना अनिवार्य होगा। क्षेत्रीय सचिव मुन्ने अली ने बताया कि प्रश्न पत्रों के वितरण की प्रक्रिया जल्द ही सुरक्षा घेरे में शुरू कर दी जाएगी और पेपर लीक जैसी घटनाओं को रोकने के लिए कई स्तरों पर सुरक्षा चक्र तैयार किया गया है।
परिवहन विभाग को निर्देशित किया गया है कि वे निर्धारित रूटों पर बसों का संचालन समय से करें, ताकि परीक्षार्थियों को केंद्र तक पहुंचने में कोई समस्या न हो। साथ ही, नगर निगम को केंद्रों के आसपास सफाई व्यवस्था दुरुस्त रखने और बिजली विभाग को परीक्षा के दौरान निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए कहा गया है। किसी भी स्वास्थ्य संबंधी आपात स्थिति से निपटने के लिए मुख्य चिकित्सा अधिकारी के माध्यम से नजदीकी स्वास्थ्य केंद्रों पर प्राथमिक उपचार के इंतजाम भी किए जा रहे हैं।
सुरक्षा के कड़े घेरे में पहुंचेंगे प्रश्नपत्र
माध्यमिक शिक्षा परिषद की ओर से आयोजित होने वाली बोर्ड परीक्षाओं की तारीख नजदीक आते ही जिले में तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। जिले के मुख्य केंद्र राजकीय इंटर कॉलेज से अब तक करीब 75 प्रतिशत विद्यालयों को कॉपियां भिजवाई जा चुकी हैं। उत्तर पुस्तिकाओं के वितरण के साथ ही विभाग अब प्रश्नपत्रों की सुरक्षा और उनके वितरण की रणनीति पर काम कर रहा है। जिला विद्यालय निरीक्षक डॉ. अजीत कुमार ने बताया कि परीक्षा शुरू होने से पहले सभी केंद्रों पर प्रश्नपत्रों को सुरक्षित पहुंचाया जाएगा। इसके लिए विभाग ने एक विशेष रूट प्लान तैयार किया है, जिसमें एक ही दिशा में पड़ने वाले केंद्रों की सूची बनाकर वाहनों के जरिए प्रश्नपत्र भेजे जाएंगे।
उत्तरपुस्तिका के हर पन्ने पर लिखना होगा रोल नंबर
यूपी बोर्ड की 2026 की परीक्षाओं को लेकर पिछली बार की तरह इस बार भी कई बड़े बदलाव किए गए हैं। नए नियमों के अनुसार, अब परीक्षार्थियों को अपनी उत्तरपुस्तिका के केवल आखिरी पन्ने पर नहीं, बल्कि हर एक पन्ने पर अपना अनुक्रमांक (रोल नंबर) और कॉपी का नंबर अनिवार्य रूप से लिखना होगा।
बरेली के जिला विद्यालय निरीक्षण डॉ. अजीत कुमार ने निर्देश दिए है कि इस बार बोर्ड ने परीक्षाओं को अच्छे और नकल विहीन बनाने के लिए बदलाव किए है। इस बार उत्तरपुस्तिका के पन्नों की हेराफेरी रोकने की जिम्मेदारी कक्ष निरीक्षकों की होगी। कक्ष निरीक्षकों को यह भी सुनिश्चित करना होगा कि परीक्षा कक्ष में किसी भी प्रकार की सहायक सामग्री जैसे पोस्टर, चार्ट या ब्लैक बोर्ड पर लिखे निर्देश मौजूद न हों, जो परीक्षार्थियों को अनुचित लाभ पहुंचा सकें।
13 फरवरी तक सभी केंद्रों पर पहुंचेगी सामग्री
यूपी बोर्ड की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षा के लिए जिले में कुल पांच लाख उत्तर पुस्तिकाएं मिली हैं। पीएमश्री राजकीय इंटर कॉलेज में बने मुख्य कंट्रोल रूम से इन कॉपियों को तहसीलवार सभी केंद्रों पर भेजा जा रहा है। विभाग ने लक्ष्य रखा है कि 13 फरवरी तक सभी केंद्रों पर वितरण का काम पूरा कर लिया जाए। जिला विद्यालय निरीक्षक डॉ. अजीत कुमार ने बताया कि इस बार जिले में 95 हजार से अधिक परीक्षार्थी पंजीकृत हैं। परीक्षा को पूरी तरह नकलविहीन और पारदर्शी बनाने के लिए कड़े सुरक्षा इंतजाम किए गए हैं। सभी केंद्रों के स्ट्रांग रूम और सीसी कैमरों की जांच कर उन्हें सक्रिय कर दिया गया है।
