Bareilly News: आंवला में खेलने के दौरान दिव्यांग मासूम नाले में डूबा, नहीं चला पता, परिजनों रो-रोकर बुरा हाल
आंवला के मोहल्ला खेड़ा में मंगलवार शाम सात वर्षीय दिव्यांग प्रीत नाले में गिरकर बह गया। एसडीआरएफ टीम मौके पर पहुंची। उसकी तलाश शुरू की, लेकिन प्रीत नहीं मिला। उसके परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
बरेली के आंवला कस्बे के मोहल्ला खेड़ा निवासी नंदराम प्रजापति का दिव्यांग बेटा प्रीत (7 वर्ष) मंगलवार शाम 4:00 बजे खेलने के दौरान नाले में गिर गया। तेज बहाव के कारण वह बह गया। साथी बच्चों का शोर सुनकर मोहल्ले के लोग जुट गए। पुलिस और पालिका प्रशासन ने उसको ढूंढने की कोशिश की लेकिन नहीं मिला। एसडीएम और एसडीआरएफ टीम भी आई। रोशनी की व्यवस्था न होने पर अलसुबह तलाश शुरू करने की बात कहकर चली गई।
सभासद सूरजपाल मौर्य व रामबहादुर प्रजापति ने बताया कि मोहल्ला खेड़ा निवासी नंदराम प्रजापति घर में मिट्टी के बर्तन आदि बनाते हैं। उनका बेटा प्रीत जन्म से ही दिव्यांग है। मंगलवार शाम मोहल्ले के बच्चे बारिश में खेलने लगा। वह भी तीन लकड़ी की तीन पहिया गाड़ी के सहारे बच्चों के पास गया। खेलते हुए वह काली मंदिर की ओर ढलान वाली सड़क की ओर चला गया। वहां किनारे स्थित नाले में गिर गया। पानी के तेज बहाव के कारण बह गया।
काफी दूर तक चलाया रेस्क्यू अभियान
साथी बच्चों के देखने पर नहीं दिखा तो शोर किया। बच्चों का शोर सुनकर मोहल्ले के लोग नाले के पास पहुंचे। उन्होंने पुलिस और पालिका प्रशासन को सूचना दी। अधिशासी अधिकारी प्रदीप गिरी रेस्क्यू टीम के साथ वहां पहुंचे। कर्मचारियों ने नाले में उतरकर प्रीत की तलाश की लेकिन नहीं मिला। यह नाला घटनास्थल के कुछ दूरी पर सात फुट गहरा और छह फुट चौड़ा है। कालीधाम मंदिर से अब्दुल कलाम पार्क, अबादापुर पुलिया, तहसील रोड स्थित पेट्रोल पंप तक रेस्क्यू अभियान चलाया गया।
कर्मचारियों ने नाले पर कई स्थानों पर पड़े लोहे व सीमेंट के स्लैब हटाकर देखे लेकिन प्रीत नहीं मिल सका। जब तक एसडीएम सुशील कुमार मिश्रा, चेयरमैन आबिद अली, नायब तहसीलदार दिप्तीपाल, इंस्पेक्टर वीनू चौधरी आदि अधिकारी पहुंच गए।
मंत्री ने डीएम से एसडीआरएफ भेजने को कहा
पूर्व चेयरमैन संजीव सक्सेना ने बताया कि उन्होंने पशुधन मंत्री धर्मपाल सिंह को घटना के बारे में बताया। इसपर मंत्री ने डीएम को कॉल करके एसडीआरएफ टीम भेजकर बच्चे की तलाश करने के लिए कहा।
रोशनी न होने पर लौटी टीम
राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल (एसडीआरएफ) की टीम आई लेकिन रोशनी की व्यवस्था न होने पर अलसुबह अभियान चलाने की बात कहकर चली गई।
पिछले सप्ताह दिलवाई थी तीन पहिया गाड़ी
मासूम की दादी ने बताया कि प्रीत जन्म से दिव्यांग है। वह बोलने में असमर्थ है। सही से चल भी नहीं पाता है। पिछले सप्ताह राईसती देवी के मेले से प्रीत को लकड़ी की तीन पहिया गाड़ी दिलवाई थी। उसके सहारे वह आसानी से चलता है। मंगलवार को बारिश में हुई फिसलन और पालिका प्रशासन की लापरवाही के कारण नाले में गिरकर डूब गया। उसको जल्द तलाशने की गुहार लगाई है।
नगर पालिका परिषद के अधिशासी अधिकारी प्रदीप गिरी ने बताया कि दो जेसीबी और 60 कर्मचारियों के माध्यम से बच्चे की तलाश कराई जा रही है। अबतक नहीं मिला है। खुले नालों को ढका जाएगा। पालिका अध्यक्ष ने बच्चे को खोजने या उसकी सूचना देने पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया है।
एसडीएम सुशील कुमार मिश्र ने कहा कि पीएसी व सभी अधिकारी तहसील मुख्यालय पर हैं। एसडीआरएफ की टीम ने प्वॉइंट को चिह्नित कर लिया है। अब बुधवार सुबह से रेस्क्यू अभियान दोबारा शुरू किया जाएगा।
जिलाधिकारी अविनाश सिंह ने बताया कि टीम डूबे हुए दिव्यांग बच्चे की तलाश कर रही है। मौके पर एसडीएम व सीओ मौजूद हैं। वे लगातार प्रयास कर रहे हैं। बच्चे को जल्द बहार निकाल लिया जाएगा। एसडीआरएफ की टीम को वहां भेजा है।