कलयुगी बाप को अपने पाप पर नहीं पछतावा: बेटे को मार हत्यारोपी बोला- मेरा नहीं, पत्नी के प्रेमी का बेटा था वरुण
हत्यारोपी सोमपाल ने पुलिस पूछताछ में सनसनीखेज खुलासा किया है। उसने कहा कि वरुण उसका बेटा नहीं, बल्कि पत्नी के प्रेमी का था। पत्नी के चरित्र पर शक होने के कारण उसने बेटे को मार डाला।
विस्तार
बेटे के हत्यारोपी सोमपाल का नशा उतरा तो भी उसके चेहरे पर अफसोस के भाव नहीं दिखे। उसे मासूम की हत्या का कोई मलाल नहीं था। पुलिस और मीडिया ने उससे पूछताछ की तो पता लगा कि उसके दिल में पत्नी के लिए बहुत नफरत भरी है। उसने साफ कहा कि वरुण मेरा नहीं, बल्कि पत्नी के प्रेमी का बेटा था।
हत्यारोपी सोमपाल ने पुलिस को बताया कि उसकी पत्नी अधिकतर मायके में रहती थी। वहीं किसी युवक से उसके संबंध थे। केवल बड़ा बेटा अरुण (5 वर्ष) ही उससे पैदा हुआ है। उसे यकीन है कि वरुण उसका बेटा नहीं था। उसकी शक्ल तक उससे नहीं मिलती थी। उसका गुस्सा पत्नी के चरित्र को लेकर था। उसका कुछ नहीं बिगाड़ सका तो उसके प्रेमी से पैदा हुए बेटे को ही मार दिया।
इधर, रामबेटी ने अधिकारियों को बताया कि उसका पति शराब पीने के साथ ही उससे झगड़ा करता है। शक्की मिजाज का है। उसकी हरकतों से परेशान होकर वह मायके में रहती थी। तब वह उस पर लांछन लगाता था। रोते हुए कहा कि वह बहुत अभागी है। बेटे की हत्या हो गई और वह उसे बचा न सकी। अब अपनी हरकतों की वजह से पति जेल जा रहा है।
यह था मामला
बरेली के भुता में बीते बुधवार को एक कलयुगी पिता ने साल भर के मासूम बेटे से अपनी शक्ल न मिलने और पत्नी पर शक करने की वजह से मासूम को मार डाला। उसने बेटे की गला घोंटकर हत्या कर दी और उसका शव तालाब में फेंक दिया। सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने शव बरामद कर आरोपी को गिरफ्तार किया। पूछताछ के बाद कोर्ट में पेश करने पर आरोपी को जेल भेज दिया गया।
सोमपाल शराब पीने का आदी
यूपी के बरेली स्थित भुता थाना प्रभारी रविंद्र कुमार से गुरुवार सुबह शिकायत करने पहुंची रामबेटी ने बताया कि वह दो महीने से अपने मायके पीलीभीत के थाना बीसलपुर के गांव बोनी में रह रही थी। पति सोमपाल शराब पीने का आदी है। वह उन पर शक करते हुए अकसर पिटाई कर देता था।
अरुण और वरुण को ले आया था मां से अपने पास
बुधवार को पति सोमपाल उनके मायके पहुंचा। वहां से बड़े बेटे अरुण व एक साल के बेटे वरुण को जबरन साथ में लेकर गांव अठाना चला गया। बुधवार देर रात किसी समय वरुण की गला दबाकर हत्या की और शव तालाब किनारे छुपा दिया। इसकी जानकारी मिलने पर वह मायके से लौट आई।
पुलिस ने किया आरोपी को गिरफ्तार
रामबेटी के साथ पहुंची पुलिस ने तालाब से शव बरामद किया। रामबेटी ने शव की पहचान की और पति सोमपाल पर हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई। आरोपी को पुलिस ने गांव के खेत से गिरफ्तार कर लिया।
