Bareilly News: कांवड़ियों पर बरसाए जाएंगे फूल, शिविर में रहने-खाने की व्यवस्था; शहर में बने सेल्फी प्वाइंट
बरेली में कांवड़ियों के लिए जिला प्रशासन की ओर से विशेष इंतजाम किए जा रहे हैं। प्रत्येक तहसील की सीमा पर कांवड़ियों के लिए शिविर बन रहे हैं। शहर में नगर निगम ने सेल्फी प्वाइंट बनाए हैं।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
बरेली में जिला प्रशासन की तरफ से प्रत्येक तहसील की सीमा पर कांवड़ियों के लिए शिविर तैयार किए जा रहे हैं। इनमें करीब 2.50 लाख श्रद्धालुओं के खाने व ठहरने की व्यवस्था रहेगी। साथ ही, कांवड़ियों पर गुलाब वर्षा की जाएगी। रात होने पर सोने की व्यवस्था भी की जाएगी। शहर में नगर निगम ने सेल्फी प्वाइंट बनाए हैं।
सावन में शहर के सात नाथ मंदिरों (त्रिवटीनाथ, अलखनाथ, धोपेश्वरनाथ, वनखंडीनाथ, मढ़ीनाथ, तपेश्वरनाथ, पशुपतिनाथ) पर भक्तों की सर्वाधिक भीड़ रहती है। जिले के 499 शिव मंदिरों में जलाभिषेक होता है। कांवड़ लेकर 3727 जत्थे कछला गंगा घाट से, 41 गढ़ मुक्तेश्वर, 570 हरिद्वार व 19 जत्थे अन्य स्थानों से गंगाजल लेकर आएंगे।
बहेड़ी तहसील में उत्तराखंड की नसीमा पर, आंवला में पुट्टी, सदर तहसील में भमौरा मार्ग पर, फरीदपुर, मीरगंज व नवाबगंज में शिविर (वॉटर प्रूफ टेंट) लगाए जा रहे हैं। यहां कांविड़ियों के खाने (पूड़ी, सब्जी, हलवा), ठहरने व सोने की व्यवस्था रहेगी। नगर निकायों व ब्लॉकों को भी शिविर लगाकर शरबत आदि की व्यवस्था करनी होगी।
कांवड़ियों पर बरसाए जाएंगे फूल
इन शिविरों में खाने-पीने की व्यवस्था शनिवार, रविवार, सोमवार को रहेगी। यहां से निकलने वाले कांवड़ियों पर गुलाब के फूलों की वर्षा की जाएगी। इन शिविरों का उद्घाटन दो अगस्त को किया जाएगा। कांवड़ यात्रा की निगरानी के लिए प्रशासन की तरफ से सात सुपर जोन, थानावार जोन, उसके नीचे किलोमीटर के हिसाब से सेक्टर मजिस्ट्रेट नामित किए गए हैं।
इस बार 15 लाख कांवड़ियों के शहर में आने की संभावना है। इस बार भोले के भक्त हर-हर महादेव के जयकारों के साथ स्वच्छता का संदेश भी देंगे। नगर निगम इस बार शहर के प्रसिद्ध सात नाथ मंदिरों के बाहर कांवड़ियों के लिए विशेष सेल्फी प्वाइंट बनाने जा रहा है। इसका उद्देश्य श्रद्धालुओं को आस्था और स्वच्छता का अनूठा अनुभव प्रदान करना है।
एक्सईएन राजीव राठी ने बताया कि नगर निगम की ओर से शहर के सात नाथ मंदिरों के बाहर इन सेल्फी प्वाइंट का निर्माण किया जाएगा। इन स्थानों पर भगवान शिव को जल चढ़ाने के बाद कांवड़िये अपनी तस्वीरें ले सकेंगे, जो उनकी यात्रा के पलों को यादगार बनाएगी।
यहां लगाए जाने वाले डिस्प्ले और बोर्ड पर मैं हूं नगर निगम बरेली का स्वच्छ कांवड़िया, स्वच्छ बरेली-स्वस्थ बरेली, जलस्रोतों को स्वच्छ रखें और स्वच्छ शिवालय-स्वच्छ बरेली जैसे प्रेरक वाक्य लिखे होंगे।
कांवड़ मार्ग पर स्थित 71 रेस्टोरेंट व मीट-मछली की दुकानें बंद
कांवड़ियों को किसी प्रकार की असुविधा या दुर्गंध का सामना न करना पड़े, इसके लिए जिला प्रशासन ने कांवड़ मार्गों के किनारे स्थित 71 नॉनवेज रेस्तरां, मीट और मछली की दुकानों को एक माह तक बंद रखने का आदेश दिया है। विभाग की तरफ से दो दिनों में व्यवस्था लागू कर दी जाएगी। सहायक आयुक्त खाद्य द्वितीय राहुल सिंह ने बताया कि कांवड़ के 10 मार्गों पर 71 दुकानें चिह्नित की गई हैं।