साइबर ठगी का खुलासा: बरेली में चार आरोपी गिरफ्तार, कई राज्यों में चला रहे थे रैकेट; खातों से संदिग्ध लेन-देन
बरेली में पुलिस ने साइबर ठगी करने वाले चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। चारों के बैंक खातों से संदिग्ध लेन-देन मिला है। पुलिस ने आरोपियों को कोर्ट में पेश किया, जहां से सभी को जेल भेज दिया गया।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
बरेली में पुलिस ने साइबर ठगी के चार आरोपियों को गिरफ्तार कर 6.44 लाख रुपये की धोखाधड़ी का खुलासा किया है। कैंट थाना पुलिस की ओर से गिरफ्तार किए गए कांधरपुर निवासी आनंद कुमार (27), विक्की (21) और सुमित श्रीवास्तव (23) के बैंक खातों से 3,41,424 रुपये के संदिग्ध लेन-देन का पता चला था। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे साथियों के साथ मिलकर लोगों को धमकाकर, लालच देकर या खाते हैक करके धोखाधड़ी करते थे।
आरोपियों ने पुलिस को बताया कि ठगी की रकम से वे अपने शौक पूरे करते थे। आरोपियों के खिलाफ नेशनल साइबर रिपोर्टिंग प्लेटफॉर्म (एनसीआरपी) पर पहले से सात शिकायतें दर्ज हैं। पुलिस ने इनसे दो आईफोन भी बरामद किए हैं।
कर्नाटक में धोखाधड़ी करने वाला शादाब गिरफ्तार
बहेड़ी थाना पुलिस ने मोहम्मद शादाब को गिरफ्तार किया है। उसके बैंक खातों से 3,03,383 रुपये का संदिग्ध लेन-देन पाया गया। शादाब ने बताया कि उसने बैंक खाता खुलवाकर साथियों के साथ कर्नाटक व अन्य राज्यों में साइबर अपराध किए। धोखाधड़ी की धनराशि को अपने खाते में स्थानांतरित कर आपस में बांट लिया। दोनों मामलों में संबंधित धाराओं के तहत अभियोग पंजीकृत किए गए हैं। एनसीआरपी पर मोहम्मद शादाब के खिलाफ चार शिकायतें पहले से दर्ज हैं।
बदायूं के दबतोरी और धंतिया के शातिरों पर भी शिकंजा
बदायूं जिले के दबतोरी चौकी इलाके के गांव दबतोरी-दबतोरा, संग्रामपुर, लक्ष्मीपुर आदि में कई वर्षों से साइबर ठगी व हवाला का रैकेट चल रहा है। बदायूं पुलिस कभी इस पर ध्यान नहीं देती, जबकि दूसरे राज्यों की पुलिस और एजेंसियां यहां अक्सर कार्रवाई करती रहती हैं। सूत्र बताते हैं कि बरेली पुलिस ने कैंट इलाके से कार में बैठे चार लोगों को पकड़ा है जो संग्रामपुर के साइबर धंधेबाज बताए जा रहे हैं।
बरेली पुलिस की सूचना पर रात में सीओ बिसौली अंशुमन श्रीवास्तव व चौकी प्रभारी दबतोरी विक्रांत आर्या ने पुलिस टीम के साथ इनके घर दबिश दी। हालांकि वहां कोई अन्य आरोपी नहीं मिला। इसी तरह, फतेहगंज पश्चिमी के धंतिया गांव से एसओजी ने सरगना समेत करीब दस लोगों को उठाया है। इनमें से सरगना की पत्नी ने मुख्यमंत्री के नाम पत्र देकर एनकाउंटर का खतरा जताया है।
एसएसपी अनुराग आर्य ने बताया कि मुख्यालय के निर्देश पर साईं वज्र अभियान के तहत कार्रवाई की जा रही है। जल्दी ही कई और साइबर ठगों की गिरफ्तारी की जाएगी।