Bareilly News: उत्तराखंड वन विभाग की टीम ने बहेड़ी में मारा छापा, गोदाम से 20 लाख रुपये की लकड़ी बरामद
उत्तराखंड वन विभाग की टीम ने शनिवार को बरेली के बहेड़ी में छापा मारा। टीम ने यहां धोबी तालाब रोड स्थित एक गोदाम से 20 लाख रुपये मूल्य की चोरी की सागौन लकड़ी बरामद की। गोदाम मालिक मौके से फरार हो गया। टीम बरामद लकड़ी लेकर उत्तराखंड लौट गई।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
उत्तराखंड वन विभाग की टीम ने बरेली के बहेड़ी में छापा मारकर धोबी तालाब रोड स्थित एक गोदाम से 20 लाख रुपये मूल्य की सागौन की लकड़ी बरामद की है। यह लकड़ी चोरी कर लाई गई थी। टीम बरामद लकड़ी लेकर उत्तराखंड चली गई। जांच के बाद गोदाम मालिक और लकड़ी चोरी करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
उत्तराखंड के गौला बैराज से खटीमा तक फैले जंगलों से सागौन की लकड़ी चोरी कर बहेड़ी में बेचने का कारोबार लंबे समय से चल रहा है। दो दिन पहले उत्तराखंड के वन विभाग की टीम ने जंगल से लकड़ी चोरी करते हुए दो लोगों को गिरफ्तार किया था। उनकी और एक मुखबिर की सूचना पर उत्तराखंड वन विभाग के एसडीओ अनिल जोशी और खटीमा की एसडीओ सावित्री गोस्वामी टीम के साथ बहेड़ी पहुंचीं।
गोदाम मालिक फरार
धोबी तालाब रोड पर स्थित गोदाम पर छापा मारा गया, जहां से चोरी की लकड़ी मिली। टीम को देखकर गोदाम मालिक मौके से फरार हो गया। वन विभाग के अधिकारी इतनी बड़ी मात्रा में लकड़ी देखकर हैरान रह गए। उत्तराखंड के जंगलों से पिकअप के जरिये लिंक मार्गों से लकड़ी बहेड़ी तक पहुंच रही थी, लेकिन स्थानीय वन विभाग को इसकी खबर नहीं लगी। उत्तराखंड के अधिकारियों द्वारा सूचना देने के बावजूद स्थानीय वन विभाग के रेंजर या अन्य कोई अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचे।
स्थानीय वन विभाग पर मिलीभगत का आरोप
भारतीय किसान यूनियन के तहसील अध्यक्ष राजेश गुप्ता ने आरोप लगाया कि बहेड़ी के वन विभाग को जंगल से रात में आने वाली लकड़ी की पूरी जानकारी रहती है। उन्होंने कहा कि वन विभाग के कर्मचारी रात में निगरानी पर रहते हैं। नदेली रोड और उत्तम नगर लिंक रोड से यह लकड़ी आती है, जहां वन विभाग की रात्रि गश्त भी रहती है।
उत्तराखंड वन विभाग के एसडीओ अनिल जोशी ने बताया कि उत्तराखंड के जंगलों से 20 लाख रुपये की सागौन की लकड़ी चोरी कर बहेड़ी के गोदाम में छिपाई गई थी। लकड़ी जब्त कर ली गई है और चोरी करने वालों तथा गोदाम मालिक के खिलाफ कार्रवाई होगी।