Bareilly News: बंद फैक्टरी से मशीनों समेत 12 लाख रुपये का सामान चोरी, सीसीटीवी फुटेज से खुला राज
बरेली के भोजीपुरा औद्योगिक क्षेत्र में बंद फैक्टरी से चोरी के मामले में रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। फैक्टरी मालिक ने चौकीदार, उसके भाई व अन्य अज्ञात लोगों पर आरोप लगाया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
विस्तार
बरेली के भोजीपुरा में औद्योगिक क्षेत्र में बंद फैक्टरी को चोरों ने निशाना बनाया है। फैक्टरी से मशीनों समेत 12 लाखों रुपये की चोरी होने का दावा किया गया है। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने फैक्टरी के चौकीदार, उसके भाई और अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
भोजीपुरा थाना व कस्बा नवाबगंज निवासी अनिल गंगवार बरेली वुडेन क्राफ्ट प्राइवेट लिमिटेड के निदेशक हैं। उनकी यह फैक्टरी प्लॉट नंबर 59 इंडस्ट्रियल एरिया भोजीपुरा में स्थित है, जो कोरोना काल के समय से ही बंद चल रही है। दो अगस्त 2025 को जब निदेशक अपनी फैक्टरी को दोबारा शुरू करने के इरादे से वहां पहुंचे, तो उनके होश उड़ गए। फैक्टरी से कीमती मशीनें, मशीनों के पार्ट्स व अन्य काफी सामान गायब था।
सीसीटीवी फुटेज से खुला राज
निदेशक ने जब फैक्टरी की सुरक्षा में तैनात रात के चौकीदारों बेचेलाल व सोमपाल और दिन के चौकीदार अनुज यादव से पूछताछ की, तो उन्होंने किसी भी जानकारी से इनकार कर दिया। चूँकि फैक्टरी की चाबियां चौकीदारों के पास ही रहती थीं, इसलिए शक गहरा गया। फैक्टरी के निदेशक ने पास की फैक्टरी में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, तो चोरी की पूरी वारदात सामने आ गई। 25 मई 2025 के वीडियो में साफ दिखा कि दिन का चौकीदार अनुज यादव अपने भाई संजीव यादव, सामने वाली फैक्टरी के चौकीदार और एक ऑटो चालक के साथ मिलकर फैक्टरी से सामान निकाल रहा था।
आरोपियों ने दूसरी जगह भेजा चोरी का सामान
चोरी किया गया सामान पहले सामने वाली फैक्टरी में रखा गया और फिर वहां से जुगाड़ गाड़ी (ट्रॉली) के जरिए अन्य जगह भेज दिया गया। फैक्टरी निदेशक अनिल गंगवार के अनुसार, इस पूरी घटना में लगभग 10 से 12 लाख रुपये की कीमत का सामान चोरी हुआ है। प्रभारी निरीक्षक भोजीपुरा राजीव कुमार ने बताया कि पीड़ित ने 23 फरवरी 2026 को शिकायत दर्ज कराई है तहरीर के आधार पर आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओ में मुकदमा दर्ज किया है। मामले की जांच की जा रही है। शीघ्र आरोपियों को पकड़ लिया जाएगा।
