सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Bareilly News ›   Holi 2026 Colours and Gulal rained in Bareilly historic Ram Barat

UP: बरेली की ऐतिहासिक राम बरात में रंगों की बारिश, मुस्लिम समाज ने बरसाए फूल; देखें अनूठी परंपरा की तस्वीरें

संवाद न्यूज एजेंसी, बरेली Published by: Mukesh Kumar Updated Tue, 03 Mar 2026 12:15 PM IST
विज्ञापन
सार

बरेली की ऐतिहासिक राम बरात सोमवार को धूमधाम से निकाली गई। इसमें हुलियारों ने जमकर धमाल मचाया। रंगों के साथ अबीर-गुलाल बरसाया गया, जिससे हर कोई सराबोर हो गया। मुस्लिम समाज के लोगों ने फूल बरसाकर राम बरात का स्वागत किया।  

Holi 2026 Colours and Gulal rained in Bareilly historic Ram Barat
बरेली में धूमधाम से निकली राम बरात - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार

बरेली के ब्रह्मपुरी स्थित नृसिंह मंदिर से सोमवार को 166वीं बार राम बरात निकाली गई। सविधि पूजन के बाद रथ पर सवार होकर भगवान श्रीराम, लक्ष्मण व हनुमान के स्वरूप नगर भ्रमण के लिए निकले तो श्रद्धालुओं ने फूल बरसाकर अगवानी की। श्रीराम के जयकारों के बीच हुरियारों की मोर्चाबंदी, रंगों की बारिश के बीच उड़ता गुलाल देख ऐसा प्रतीत हो रहा था मानो स्वयं ऋतुराज भगवान श्रीराम के अभिनंदन के लिए आतुर हों। जगह-जगह श्रद्धालुओं ने राम बरात की आरती उतारी और आशीर्वाद लिया।

Trending Videos


श्रीराम लीला सभा ब्रह्मपुरी की ओर से निकाली गई इस शोभायात्रा में भक्तों का उल्लास चरम पर रहा। नृसिंह मंदिर से शुरू हुई शोभायात्रा मलूकपुर चौराहा, बिहारीपुर ढाल, कुतुबखाना, घंटाघर, नावल्टी चौराहा, बरेली कॉलेज गेट, कालीबाड़ी, श्यामगंज चौराहा, साहू गोपीनाथ, मठ की चौकी, शिवाजी मार्ग, बड़ा बाजार, किला चौराहा, सिटी सब्जी मंडी, मलूकपुर चौराहा होते हुए शाम छह बजे नृसिंह मंदिर पहुंचकर संपन्न हुई। जिला अस्पताल के पास डीजे की धुन पर हुरियारों ने जमकर धमाल मचाया।

विज्ञापन
विज्ञापन

Holi 2026 Colours and Gulal rained in Bareilly historic Ram Barat
रथ पर सवार राम-लक्ष्मण के स्वरूप - फोटो : अमर उजाला
165 साल पुराने रथ पर सवार हुए श्रीराम के स्वरूप
165 साल पुरानी रामलीला को वर्ष 2008 में यूनेस्को की ओर से वर्ल्ड हेरिटेज घोषित किया गया है। रामलीला में होली के दिन निकलने वाली राम बरात में इस्तेमाल होने वाला लकड़ी का रथ 165 साल पुराना है। श्रीराम के स्वरूप हर साल इसी रथ पर सवार होकर निकलते हैं।

Holi 2026 Colours and Gulal rained in Bareilly historic Ram Barat
राम बरात में हुरियारों ने मचाया धमाल - फोटो : अमर उजाला

बरेली कॉलेज व कालीबाड़ी पर हुई मोर्चाबंदी
राम बरात बरेली कॉलेज गेट पर पहुंची तो लोगों ने छतों से रंग व पानी की बौछार की। जमकर गुलाल उड़ाया गया। कालीबाड़ी में हुरियारों व लोगों के बीच जमकर मोर्चेबंदी हुई। एक ओर से हुरियारे रंग बरसा रहे थे तो दूसरी तरफ से भी जवाबी कार्रवाई की जा रही थी। नाथ नगरी जलाभिषेक समिति की ओर से कोतवाली के सामने फूल बरसाकर राम बरात का स्वागत किया गया। इस दौरान संस्था के अध्यक्ष ब्रजवासी लाल अग्रवाल, आशुतोष अग्रवाल, धर्मेश अग्रवाल, मनोज देवल, अनूप अग्रवाल आदि मौजूद रहे।

Holi 2026 Colours and Gulal rained in Bareilly historic Ram Barat
रथ पर सवार होकर निकले रघुवर - फोटो : संवाद

पूर्व सांसद ने उतारी आरती, लिया आशीर्वाद
राम बरात में पूर्व सांसद प्रवीण सिंह ऐरन ने भगवान के स्वरूपों की विधिवत पूजा-अर्चना कर आरती उतारी और आशीर्वाद लिया। सभी लोगों के लिए सुख-समृद्धि की कामना की। पूर्व सांसद ने कहा कि राम बरात सिर्फ धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि हमारी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत का प्रतीक है। यह आयोजन समाज में प्रेम, भाईचारा, सौहार्द और नैतिक मूल्यों को सुदृढ़ करने का संदेश देता है। ऐसे पारंपरिक आयोजनों से नई पीढ़ी को अपनी संस्कृति और मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम के आदर्शों से जुड़ने की प्रेरणा मिलती है। उन्होंने सभी को होली एवं राम बरात की शुभकामनाएं दीं। कहा कि रंगों का यह पर्व सभी के जीवन में आनंद, समृद्धि और खुशहाली लेकर आए। इस दौरान राजू मिश्रा, विवेक शर्मा, राजकुमार गुप्ता, सुनील रस्तोगी आदि मौजूद रहे।

Holi 2026 Colours and Gulal rained in Bareilly historic Ram Barat
मुस्लिम समाज ने फूल बरसाकर किया स्वागत - फोटो : संवाद

पीस कमेटी ने किया स्वागत
पीस कमेटी ऑफ इंडिया के अध्यक्ष नदीम इकबाल की ओर से चार जगह राम बरात का स्वागत किया गया। दरगाह आला हजरत बिहारीपुर मोड़ पर शिविर लगाकर मुस्लिम समाज ने फूल बरसाए। आयोजकों को सम्मानित किया। पुराने रोडवेज के सामने नईम खान की अध्यक्षता में स्वागत किया गया। श्यामगंज और साहू गोपीनाथ इंटर कॉलेज चौक पर भी राम बरात का स्वागत किया गया। देश में अमन के साथ विदेश में फंसे भारतीयों की सकुशल वापसी के लिए दुआ की गई। असलम खान, मोनू खान, सोनू खान, सैयद सलमान, इमरान, बिलाल खान, मोंटू सक्सेना, जनार्दन आचार्य आदि शामिल रहे।

Holi 2026 Colours and Gulal rained in Bareilly historic Ram Barat
राम बरात में बरसा अबीर-गुलाल - फोटो : अमर उजाला
व्यापारियों ने किया स्वागत
बिहारीपुर में व्यापारी नेता संजय अरोड़ा, तेजस अरोड़ा, रुद्राक्ष अरोड़ा, जितेंद्र कुमार, मनन कुमार ने पुष्पवर्षा और आरती उतार कर राम बरात का स्वागत किया।

Holi 2026 Colours and Gulal rained in Bareilly historic Ram Barat
राम बरात में हुरियारों ने मचाया धमाल - फोटो : अमर उजाला
पांच फीडर रहे बंद
राम बरात के दौरान सुरक्षा को देखते हुए विद्युत निगम की तरफ से आलमगिरीगंज, कोहाड़ापीर, अस्पताल, मोती पार्क और आला हजरत फीडर को बंद रखा गया। राम बरात के दौरान सुबह आठ से सायं सात बजे तक अलग-अलग क्षेत्रों में दो से तीन घंटे तक विद्युत आपूर्ति बंद रही। 

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

एप में पढ़ें

Followed