Weather: कोहरे की गिरफ्त में बरेली... तीन दिन तक ऑरेंज अलर्ट; दस साल में सबसे ठंडा रहा 16 दिसंबर का दिन
बरेली समेत पूरा रुहेलखंड क्षेत्र सर्दी और कोहरे की चपेट में है। मंगलवार को दिनभर धूप नहीं निकली तो बुधवार की सुबह भी घने कोहरे के साथ हुई। दृश्यता कम होने से सड़कों पर वाहन रेंगते दिखे। मौसम विभाग ने तीन दिन तक कोहरे का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
विस्तार
बरेली में ठंड अब बेरहम हो चली हैं। 16 दिसंबर का दिन 10 साल में सबसे ठंडा रहा। दिन का तापमान लुढ़ककर 16.3 डिग्री सेल्सियस पर आ गया। सोमवार रात से ही जिला घने कोहरे की गिरफ्त में आ गया। मंगलवार सुबह दृश्यता 10-15 मीटर रही। दिन में हल्की धूप निकली, लेकिन बेअसर रही। रात के तापमान में करीब डेढ़ डिग्री सेल्सियस की बढ़त दर्ज की गई। इस वजह से अधिकतम व न्यूनतम तापमान में सिर्फ छह डिग्री का अंतर रहा।
बुधवार की सुबह भी घने कोहरे का साथ हुई। सर्द हवा से गलन और ठिठुरन बढ़ गई है। सुबह घने कोहरे की वजह से स्कूल-कॉलेज जाने वाले विद्यार्थियों व नौकरीपेशा लोगों को दिक्कत हुई। हाइवे पर वाहन लाइट जलाकर रेंगते नजर आए। ठंड और घने कोहरे से स्कूली बच्चों और शिक्षकों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। उन्होंने स्कूल का समय बदलने की मांग की है।
दिनभर चली सर्द हवा
मंगलवार को दिनभर पहाड़ से आ रही ठंडी हवा चलती रही। शाम को फिर कोहरा छा गया। सर्दी से बचने के लिए लोगों को अलाव का सहारा लेना पड़ा। मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में तापमान में और गिरावट का अनुमान जताया है। दोपहर में ग्राहक खरीदारी करने निकले, लेकिन शाम को बाजारों में जल्दी सन्नाटा छा गया। दुकानें भी जल्दी बंद हो गई। व्यापारियों के अनुसार, इस समय सहालग नहीं होने के चलते ग्राहक भी बाजार में कम ही पहुंच रहे हैं।
तीन दिन कोहरे का आरेंज अलर्ट
मौसम विभाग ने तीन दिन के लिए घने कोहरे का अरिंज अलर्ट जारी किया है। इस दौरान बरेली समेत आसपास के क्षेत्र में घना कोहरा छाया रहेगा। पहाड़ की ओर से ठंडी हवा चलती रहेगी।
बीते 10 वर्षों में 16 दिसंबर का तापमान
वर्ष - अधिकतम तापमान
2025 - 16.3
2024 - 21.9
2023 - 21.9
2022 - 21.6
2021 - 22.5
2020 - 19.3
2019 - 20.5
2018 - 20.6
2017 - 18.8
2016 - 21.9
2015 - 21.0
स्कूलों का समय बदलने की मांग
ठंड और घने कोहरे से स्कूली बच्चों और शिक्षकों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। उत्तर प्रदेशीय जूनियर हाईस्कूल शिक्षक संघ के मंडल अध्यक्ष डॉ. विनोद कुमार शर्मा ने जिलाधिकारी को पत्र लिखकर परिषदीय विद्यालयों का समय बदलने की मांग की है। वर्तमान में इन विद्यालयों का समय सुबह नौ से अपराह्न तीन बजे तक है। कोहरे में बच्चों और शिक्षकों को स्कूल पहुंचने में दिक्कत हो रही है। हादसों का भी अंदेशा है। उन्होंने विद्यालयों के संचालन का समय सुबह 10 से अपराह्न तीन बजे तक किए जाने की मांग की है।
संबंधित वीडियो
