Bareilly News: मुस्लिम युवती से शादी करने वाले युवक ने खाया जहर, निजी अस्पताल में भर्ती, हालत नाजुक
बरेली के कैंट थाना क्षेत्र में पत्नी से झगड़े के बाद युवक ने जहर खा लिया। परिजनों ने उसे निजी अस्पताल में भर्ती कराया है। परिजनों ने बताया कि युवक ने दूसरे समुदाय की युवती से शादी की थी। शादी के बाद दोनों में विवाद होने लगा था।
विस्तार
बरेली में मुस्लिम युवती से शादी करने वाले युवक प्रियांशु ने पत्नी से विवाद के बाद जहर खा लिया। इससे उसकी हालत बिगड़ गई। उसे निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। कैंट थाना प्रभारी ने मामले में जांच शुरू की है।
पुलिस के अनुसार गांव चौबारी निवासी प्रियांशु सिंह ने शुक्रवार को अपने घर पर जहर खा लिया। उसके भाई दीपांशु ने उसे दोपहर एक बजे निजी अस्पताल में भर्ती कराया। प्रियांशु की हालत गंभीर बताई जा रही है। परिवार वालों ने थाने में कोई लिखित शिकायत नहीं दी है। हालांकि, उन्होंने मौखिक रूप से बताया कि सुबह पति-पत्नी के बीच फिर झगड़ा हुआ था। प्रियांशु की पत्नी ने इन आरोपों से इन्कार किया है।
पत्नी ने लगाया था पीटने का आरोप
थाना प्रभारी ने बताया कि प्रियांशु ने दूसरे समुदाय की युवती सफीना से विवाह किया है। जांच में पता लगा कि विवाद की शुरुआत 20 अप्रैल को हुई थी, जब प्रियांशु की पत्नी सफीना ने जनसुनवाई में शिकायत दर्ज कराई। उसने आरोप लगाया था कि प्रियांशु नशे में उसकी पिटाई और गाली-गलौज करता है। इससे वह असुरक्षित महसूस करती है। सफीना ने प्रियांशु के खिलाफ कार्रवाई की मांग की थी।
इसके जवाब में 29 अप्रैल को प्रियांशु ने भी अपनी पत्नी के खिलाफ शिकायत की। उसने आरोप लगाया कि पत्नी बच्चे का धर्म परिवर्तन कराने का दबाव बना रही है और संपत्ति अपने नाम कराने की धमकी दे रही है।
सुलह के बाद भी जारी थी कलह
पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायतों की जांच की। एक मई को दोनों परिवारों को जनसुनवाई में बुलाया गया। वहां आपसी समझौता हो गया था। हालांकि, सुलह के बावजूद कलह जारी रही और यह घटना हो गई।
