CBSE 10th Result: परीक्षा में कम नंबर आए हैं तो न हों परेशान, नई नीति के तहत मिलेगा सुधार का अवसर
केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा परिषद (सीबीएसई) की ओर से 10वीं के प्रथम चरण के नतीजे जारी कर दिए हैं।जिन विद्यार्थियों के किसी कारणवश परीक्षा में कम अंक आए हैं, वे तीन विषयों की दोबारा परीक्षा दे सकते हैं।
विस्तार
सीबीएसई की साल में दो बार परीक्षा कराने की नई नीति से उन विद्यार्थियों को काफी राहत मिलेगी, जो किसी कारणवश अपनी पहली परीक्षा में मनमुताबिक प्रदर्शन नहीं कर पाए। अब एक खराब पेपर या कम नंबरों की वजह से पूरे साल उदास रहने की जरूरत नहीं है। इसी सत्र से बोर्ड दोबारा परीक्षाएं आयोजित करने जा रहा है। बृहस्पतिवार से ही विद्यार्थी तीन तीन विषयों की दोबारा परीक्षा के लिए पंजीकरण करा सकते हैं। 10 मई के बाद यह परीक्षा आयोजित की जाएगी।
बरेली की सिटी कोऑर्डिनेटर ममता सक्सेना ने बताया कि नई व्यवस्था की सबसे अच्छी बात यह है कि विद्यार्थियों को नए सिलेबस या अलग तरह की तैयारी का बोझ नहीं उठाना पड़ेगा। उन्हीं किताबों और उसी तैयारी के साथ दोबारा परीक्षा देकर अपना स्कोर सुधार सकते हैं। इसमें विद्यार्थियों के लिए प्रति विषय 320 रुपये शुल्क तय किया गया है। तीन विषयों के लिए कुल 960 रुपये का भुगतान करना होगा। यदि कोई विद्यार्थी निर्धारित समय सीमा के भीतर शुल्क जमा नहीं कर पाता है तो उसे सामान्य शुल्क के अतिरिक्त 2000 रुपये विलंब शुल्क देना होगा।
कॅरिअर काउंसलर डॉ. अमित यादव ने बताया कि जिन छात्रों को आशानुरूप परिणाम नहीं मिले हैं, वह दूसरी योजनाओं पर काम करें। जीवन कुछ अंकों पर निर्भर नहीं है। इस समय अभिभाषकों की भूमिका अहम हो जाती है। वह बच्चों पर दबाव न बनाएं। भविष्य की योजनाएं बनाने में उनकी मदद करें। उनको स्किल सिखाएं, क्योंकि जमाना स्किल व स्टार्टअप का है। इससे भविष्य में उनको बेहतर विकल्प मिलेंगे। इसी तरह शिक्षकों को चाहिए कि नए सत्र में ओरिएंटेशन में छात्रों को शामिल करें।
परिणाम के आधार पर चुनें स्ट्रीम
कॅरिअर काउंसलर पारुष अरोड़ा ने कहा कि 10वीं के अंक आपके जीवन की सफलता का निर्धारण नहीं करते। में केवल 11 वीं में आपकी स्ट्रीम तय करते हैं। अवसर छात्र अपनी पसंद के पीछे भागते हैं। सुझाव है कि 11वीं में विषयों का चयन परीक्षा परिणाम और अपनी क्षमता के आधार पर करें। इससे आगे का आधार मजबूत होगा। घबराने की कोई बात नहीं है। अब छात्रों के पास दूसरी बोर्ड परीक्षा के माध्यम से अपना रिजल्ट सुधारने का मौका है। यदि आप अंकों से संतुष्ट नहीं हैं तो इस अवसर का लाभ उठाएं और बेहतर प्रदर्शन करें। याद रखें, अंक ज्यादा महत्वपूर्ण नहीं, आपकी मेहनत ही आपको असल कामवाची दिलाएगी।