मौलाना की मौत का मामला: 'तौसीफ को ट्रेन में पीटा, घसीटा और फिर...', पत्नी ने लगाए ये आरोप; जीआरपी को दी तहरीर
बिहार के मौलाना तौसीफ रजा की मौत के मामले में उनकी पत्नी तबस्सुम ने हत्या का आरोप लगाया है। बिहार से परिजनों के साथ बरेली पहुंचीं तबस्सुम ने यहां जीआरपी थाने में तहरीर दी। उन्होंने आरोप लगाया कि उनके शौहर को ट्रेन में कुछ लोगों ने पीटा था। यह बात खुद तौसीफ ने कॉल कर बताई थी। इसकी रिकॉर्डिंग भी होने का दावा किया है।
विस्तार
बरेली में बिहार के मौलाना तौसीफ रजा की मौत के मामले ने तूल पकड़ लिया है। बिहार से बरेली आए तौसीफ की पत्नी और उनके परिजन सोमवार को स्थानीय नेताओं के साथ जीआरपी थाने पहुंचे। उन्होंने तौसीफ रजा की हत्या का आरोप लगाया और जीआरपी को तहरीर देकर रिपोर्ट दर्ज करने की मांग की। बता दें कि तौसीफ रजा बिहार के किशनगंज जिले के ब्लॉक ठाकुरगंज की ग्राम पंचायत भोगडाबर के रहने वाले थे। वह बीते दिनों बरेली में उर्स-ए-ताजुश्शरिया में शरीक होने आए थे। यहां से लौटते समय उनकी संदिग्ध हालत में मौत हो गई। उनका शव रेलवे ट्रैक के किनारे पड़ा मिला था।
पत्नी ने किया ये दावा
दरअसल, तौसीफ रजा की पत्नी तबस्सुम ने अपने पास एक रिकॉर्डिंग होने का दावा किया है। इसमें तौसीफ रजा ने पत्नी को कॉल करके कहा था कि ट्रेन में कुछ लोग उन्हें पीट रहे हैं। उनकी जान को खतरा है। तुम शाहजहांपुर पुलिस को सूचना दे दो। माना जा रहा है कि बरेली में ट्रेन पर चढ़ते ही तौसीफ के साथ मारपीट या कोई अन्य घटना हुई होगी और उन्होंने यह सोचकर पत्नी को कॉल की कि इससे अगला स्टेशन शाहजहांपुर आएगा। शायद मदद मिल जाए, लेकिन इससे पहले ही उनकी मौत हो गई थी। उनका शव 26 अप्रैल को बरेली कैंट स्टेशन के पास रेलवे ट्रैक के किनारे पड़ा मिला था।
26 अप्रैल को घर लौट रहे थे तौसीफ
दरअसल, मौलाना तौसीफ रजा उर्स-ए-ताजुश्शरिया में शिरकत करने के बाद 26 अप्रैल को ट्रेन से अपने घर जा रहे थे। उनकी मौत पर बरेलवी उलमा ने चिंता जाहिर करते हुए ट्रेनों में अल्पसंख्यक यात्रियों की सुरक्षा पर सवाल उठाए। दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की। घटना के एक सप्ताह बाद तौसीफ रजा की पत्नी परिजनों के साथ बरेली पहुंचीं। उन्होंने जीआरपी थाने में हत्या की रिपोर्ट लिखाने के लिए तहरीर दी।
'ट्रेन में शौहर को कुछ लोग पीट रहे थे'
तबस्सुम ने बताया कि उनके शौहर तौसीफ रजा ने ट्रेन में बैठकर उन्हें कॉल किया था। बताया था कि कुछ लोग मुझे पीट रहे हैं। इस पर तबस्सुम ने उन्हें मदद मांगने के लिए कहा तो पति ने ट्रेन में चिल्लाकर मदद भी मांगी, लेकिन किसी ने उनकी मदद नहीं की। तबस्सुम ने वीडियो कॉल लगाई, जो रिसीव हो गई। दावा किया कि वीडियो कॉल में दिखा कि कोई शख्स तौसीफ का कॉलर पकड़े हुए हैं। कुछ लोग पीट रहे हैं। इस बीच कॉल डिसकनेक्ट हो गई। इस घटना के काफी देर बाद उन्हें तौसीफ की मौत की सूचना मिली। इससे उन्हें गहरा सदमा लगा है। तबस्सुम ने पति की मौत के मामले में गहनता से जांच कर दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
