UP: भाजपा सांसद के परिवार को बम से उड़ाने की धमकी देने के आरोपी पर रिपोर्ट दर्ज, तलाश में जुटी पुलिस
शाहजहांपुर में भाजपा सांसद अरुण सागर के परिवार को बम से उड़ाने की धमकी देने के आरोपी नीटू सिंह को पुलिस अब तक गिरफ्तार नहीं कर पाई है। उसके खिलाफ एससी एसटी एक्ट समेत अन्य धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।
विस्तार
शाहजहांपुर के भाजपा सांसद अरुण सागर के बेटे अंकित सागर पर जान से मारने की नीयत से फायर करने और पूरे परिवार को बम से उड़ाने की धमकी देने के आरोपी नीटू सिंह के खिलाफ पुलिस ने हत्या के प्रयास, एससीएसटी एक्ट समेत अन्य गंभीर धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर ली है। आरोपी की तलाश में पुलिस ने दबिश तो कई स्थानों पर दी, लेकिन एक सप्ताह बाद भी उसे गिरफ्तार नहीं कर पाई है।
शहर की साउथ सिटी कॉलोनी निवासी भाजपा सांसद अरुण सागर के बेटे अंकित सागर ने दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया कि 27 अप्रैल को वह शाम करीब 7:30 बजे गाड़ी से जा रहे थे। तभी कॉलोनी में ही पंकज पांडेय के आवास के बाहर राघवेंद्र उर्फ नीटू सिंह ने उन्हें रास्ते में रोक लिया और वह जातिसूचक गालियां देने लगा। जब अंकित ने विरोध किया तो गाड़ी से खींच लिया और जान से मारने की नीयत से फायर कर दिया।
आरोपी का ऑडियो हुआ था वायरल
गनीमत रही कि गोली नहीं लगी। शोर शराबा सुनकर जब भीड़-भाड़ एकत्रित हो गई तो नीटू सिंह पूरे परिवार को बम से उड़ाने की धमकी देकर चला गया। इसके बाद नीटू सिंह ने पंकज पांडेय को फोन कर सांसद और उनके परिवार के लिए जातिसूचक शब्द कहते हुए जान से मारने की धमकी भी दी। इसका ऑडियो सोशल मीडिया पर भी वायरल हुआ था।
इंस्पेक्टर कोतवाली चौक अश्विनी कुमार सिंह ने बताया कि मामले में हत्या के प्रयास, एससी एसटी एक्ट समेत अन्य धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। आरोपी के तलाश के लिए टीमें लगी हुई हैं। नीटू कन्नौज के थाना तालग्राम क्षेत्र के जरमऊ अलगापुर गांव का मूलरूप से रहने वाला है। वर्तमान में वह साउथ सिटी कॉलोनी में रह रहा था।
