Bareilly News: बिजली कटौती से उड़ी नींद... भड़के लोग, हरूनगला उपकेंद्र का घेराव कर किया हंगामा
बरेली में भीषण गर्मी के बीच हो रही बिजली कटौती से लोगों में आक्रोश पनप रहा है। सोमवार रात बिजली कटौती से आक्रोशित लोगों ने हरूनगला उपकेंद्र का घेराव कर जमकर हंगामा किया।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
बरेली में बिजली कटौती से आक्रोशित उपभोक्ताओं ने सोमवार रात 11:30 बजे हरूनगला उपकेंद्र का घेराव कर हंगामा शुरू कर दिया। इस दौरान एसडीओ, लाइनमैन समेत तीन कर्मियों ने दरवाजा बंद करके खुद को बचाया। पवन विहार में 18 घंटे में 48 बार बिजली ट्रिप हुई। नींद नहीं पूरी होने की वजह से उपभोक्ताओं में बेचैनी व चिड़चिड़ापन बढ़ रहा है। विद्युत निगम में शिकायत के बाद भी सुनवाई नहीं हो रही है।
हरूनगला उपकेंद्र फ्लैश ओवर होने से आक्रोशित उपभोक्ताओं ने उपकेंद्र पर पहुंचकर हंगामा शुरू कर दिया। सब स्टेशन ऑफिसर अमर सिंह की सूचना पर डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची और भीड़ को हटाया। पुलिस के जाने के बाद 100-150 की संख्या में लोगों ने फिर उपकेंद्र को घेर लिया। देर रात तक एसएसओ, लाइनमैन, कुली उपकेंद्र के अंदर बंद रहे। इसके अलावा सिविल लाइन तृतीय उपकेंद्र भी रात 11 बजे के बाद ओवरलोडिंग की वजह से ठप हो गया।
कालीबाड़ी क्षेत्र में भी कटौती
रामपुर बाग उपकेंद्र से जुड़े कालीबाड़ी क्षेत्र में रविवार रात सात बजे ट्रांसफार्मर के तार में खराबी आने के कारण लाइट चली गई। उपभोक्ता रोहित राजपूत ने बताया कि छह घंटे तक हेल्प डेस्क का नंबर तो चार घंटे तक एसडीओ का मोबाइल नंबर व्यस्त जाता रहा। सुबह लाइनमैन ने आकर फॉल्ट ठीक किया। इस दौरान लोगों को 15 घंटे तक बिजली कटौती झेलनी पड़ी। मोहल्ले के राजकुमार अन्ना ने कुछ दिनों पहले गंभीर बीमारी का ऑपरेशन करा रखा है। रातभर वह गर्मी से तड़पते रहे। कुल 250 घरों की आपूर्ति प्रभावित रही।
हरूनगला उपकेंद्र से जुड़े पवन विहार में रविवार 12 बजे से ट्रिपिंग की समस्या बनी रही। आलम यह रहा है कि 10 मिनट के लिए लाइट आती तो एक घंटे के लिए गुल हो जाती। इससे करीब एक हजार उपभोक्ताओं ने जागकर रात काटी। हरूनगला उपकेंद्र के कृष्णा नगर फेज टू में भी उपभोक्ताओं को लो वोल्टेज की समस्या से जूझना पड़ा।
पूरी रात ट्रिपिंग की समस्या रही
दुर्गानगर उपकेंद्र से जुड़े एसएस पब्लिक स्कूल वाली गली में रविवार सुबह 12 बजे से फेस उड़ने के कारण रात नौ बजे तक लाइट नहीं रही। आने के बाद भी पूरी रात ट्रिपिंग की समस्या ने उपभोक्ताओं को जगाए रखा। अधिशासी अभियंता नितिन कुमार ने बताया कि समस्याओं के निस्तारण के लिए टीम लगाई गई है।
बिजली आपूर्ति सुचारु न हुई तो देंगे धरना
हरूनगला उपकेंद्र से जुड़े 50 हजार उपभोक्ताओं की समस्याओं के समाधान के लिए सपा नेताओं ने एसई धर्मेंद्र सिंह से मुलाकात की। निवर्तमान जिला उपाध्यक्ष हैदर अली ने क्षेत्र में कई दिनों से फाॅल्ट, ट्रिपिंग की समस्या से लोगों की परेशानी साझा की। इस मौके पर जहीर खान, अमित कुमार सागर आदि मौजूद रहे।