Railway News: बरेली-जयपुर के बीच सफर होगा आसान, बांदीकुई पैसेंजर ट्रेन को विस्तार देने की कवायद शुरू
बरेली-बांदीकुई के बीच चलने वाली पैसेंजर ट्रेन को जयपुर तक विस्तार देने की कवायद शुरू हो गई है। इस ट्रेन का विस्तार होने से बरेली-जयपुर के बीच सफर आसान हो जाएगा।
विस्तार
बरेली-बांदीकुई पैसेंजर को खातीपुर, जयपुर तक विस्तार देने की कवायद शुरू हो गई है। उत्तर पश्चिमी रेलवे ने इस संबंध में रेलवे बोर्ड को प्रस्ताव भेजा है। खातीपुर, जयपुर तक विस्तार के दौरान इस गाड़ी को स्पीड अप भी करने का प्रस्ताव है।
कोरोना काल के दौरान 54356-55 बरेली-बांदीकुई पैसेंजर का संचालन बंद कर दिया गया था। लोगों की मांग पर पांच साल के बाद 30 जनवरी से इस गाड़ी का फिर से संचालन शुरू किया गया था। अनारक्षित श्रेणी की यह पैसेंजर गाड़ी बरेली-बांदीकुई के बीच 55 स्टेशनों पर ठहराव लेते हुए 418 किलोमीटर दूरी तय करती है। छोटे स्टेशनों के लोगों को भी रोजाना चलने वाली लंबी दूरी की इस ट्रेन का लाभ मिलता है।
बरेली से जयपुर के लिए प्रतिदिन कोई ट्रेन नहीं है। ऐसे में बरेली-बांदीकुई पैसेंजर को स्पीड अप करते हुए खातीपुर, जयपुर तक विस्तार देने की रेलवे ने कवायद तेज कर दी है। उम्मीद है कि नए वित्तीय वर्ष में इस गाड़ी के विस्तार पर स्थिति स्पष्ट हो जाएगी।
काठगोदाम-ठाकुरनगर के बीच एक-एक फेरे के लिए विशेष ट्रेन
पूर्वोत्तर रेलवे इज्जतनगर मंडल मतुआ समाज मेला के मौके पर यात्रियों की सुविधा के लिए 05030-29 काठगोदाम-ठाकुरनगर विशेष गाड़ी का दोनों ओर से एक-एक फेरे के लिए 15 व 18 मार्च के लिए संचालन करेगा। गाड़ी की समय सारिणी जारी कर दी गई है।
सीनियर डीसीएम संजीव शर्मा ने बताया कि 05030 काठगोदाम-ठाकुरनगर विशेष गाड़ी रविवार 15 मार्च को काठगोदाम से सुबह 10 बजे चलने के बाद हल्द्वानी, लालकुआं, किच्छा होते हुए 12:30 बजे बरेली सिटी और 1:30 बजे बरेली जंक्शन आएगी।
इसके बाद लखनऊ, गोरखपुर, छपरा, बरौनी, कटिहार, कुमेदपुर, मालदा टाउन, रामपुरहाट, शांति निकेतन, वर्धमान, दमदम होते हुए अगले दिन रात 8:40 बजे ठाकुरनगर पहुंचेगी। 05029 ठाकुरनगर-काठगोदाम विशेष गाड़ी बुधवार 18 मार्च को ठाकुरनगर से सुबह 10:20 बजे चलने के बाद अगले दिन रात 11:30 बजे काठगोदाम पहुंचेगी।
