बरेली में दर्दनाक हादसा: बाल्टी के पानी में डूबकर मासूम की मौत, गांव में तलाशते रहे परिजन, बाथरूम में मिला शव
बरेली के गांव ठिरिया कल्यानपुर से दर्दनाक घटना सामने आई। यहां 15 महीने का मासूम बच्चा खेलते समय पानी भरी बाल्टी में गिर गया, जिससे उसकी मौत हो गई। जब परिजन बाथरूम में पहुंचे तो उसका शव देख चीख-पुकार मच गई।
विस्तार
बरेली के दुनका क्षेत्र के गांव ठिरिया कल्यानपुर में पानी भरी बाल्टी में डूबकर 15 महीने के मासूम बच्चे की मौत हो गई। घटना रविवार शाम उस वक्त हुई, जब मासूम बाल्टी के पास खेल रहा था। घटना से परिवार में कोहराम मच गया।
ठिरिया कल्यानपुर निवासी इंतजार अहमद ने बताया कि रविवार को परिवार के सभी लोगों ने रोजा रखा था। शाम के वक्त सभी लोग रोजा इफ्तार रहे थे। उनका 15 महीने का बेटा याशर घर के आंगन में खेल रहा था। इसी दौरान वह बाथरूम में पानी भरी बाल्टी के पास पहुंच गया और पानी से खेलने लगा।
गांव में तलाशते रहे, बाथरूम में मिला शव
किसी तरह वह औंधे मुंह बाल्टी में गिर गया। पानी में डूबने से उसकी मौत हो गई। परिवार के लोग काफी देर तक गांव में बच्चे की तलाश करते रहे, लेकिन उसका कोई पता नहीं चला। जब परिजन ने घर के बाथरूम में जाकर देखा तो मासूम याशर बाल्टी में मृत मिला।
बच्चे का शव देखकर घर में चीख-पुकार मच गई। उसकी मां फरीन का रो-रोकर बुरा हाल है। याशर दो बच्चों में सबसे छोटा था। सोमवार को सुबह बच्चे को सुपुर्द खाक कर दिया गया।