अग्निवीर भर्ती रैली: बरेली में परीक्षा से पहले युवाओं का बदइंतजामी से सामना, रातभर परेशान हुए अभ्यर्थी
बरेली में अग्निवीर सेना भर्ती रैली बुधवार से शुरू हो गई। पहले दिन 10 जिलों के सैकड़ों युवा यहां पहुंचे हैं। इन युवाओं को परीक्षा से पहले बदइंतजामी का सामना करना पड़ा।
विस्तार
अग्निवीर भर्ती रैली के लिए सेना भर्ती कार्यालय बरेली के तहत आने वाले 12 जिलों के युवाओं का आना मंगलवार शाम से शुरू हो गया। भर्ती रैली 11 से 23 मार्च तक चलेगी। बुधवार को पहले दिन 10 जिलों के 1094 युवा भर्ती रैली में हिस्सा लेंगे। ये युवा देर रात तक बरेली पहुंच गए। पुलिस-प्रशासन, नगर निगम, स्वास्थ्य आदि विभाग कई दिन से इसको लेकर तैयारियां कर रहे थे, लेकिन पहले दिन ही युवाओं का सामना कुप्रबंधों से हुआ। सेटेलाइट बस अड्डा, पुराना रोडवेज बस स्टैंड और चौपुला पर बने अस्थाई शेल्टर होम में उनको बदइंतजामी मिली।
भर्ती रैली के दौरान नगर निगम ने भर्ती रैली के दौरान नगर निगम ने 11 शेल्टर होम की व्यवस्था की है। इनमें सात स्थायी और पांच अस्थायी हैं। अस्थायी शेल्टर होम गंदगी से पटे मिले। सेटेलाइट बस अड्डे के पास स्थित अस्थायी शेल्टर होम में बिजली, पानी, गद्दा, चादर आदि की व्यवस्था नहीं थी। आस-पास कीचड़ और गंदगी बिखरी है। बिजली पानी भी नहीं है।
मच्छरों का भयंकर प्रकोप
मंगलवार को यहां पहुंचे युवाओं ने मोबाइल की टॉर्च का सहारा लिया। पुराना रोडवेज के अस्थायी शेल्टर होम में लिहाफ-गद्दे इतने गंदे हैं कि यह इस्तेमाल के काबिल नहीं। यहां भी बिजली-पानी नहीं है। मच्छरों का भयंकर प्रकोप है। स्वास्थ्य और मलेरिया विभाग ने भी इसका संज्ञान नहीं लिया। मच्छर भगाने के लिए युवा धुआं का इस्तेमाल करते दिखे। कमोबेश यही हाल चौपुला स्थित शेल्टर होम का है।
हरदोई से आए मुकेश कुमार ने बताया कि शेल्टर होम ठहरने के काबिल नहीं है। ऐसे में उन्होंने गेस्ट हाउस में कमरा लिया है। बलरामपुर के मयंक ने बताया कि लंबा सफर करके आए हैं। शेल्टर होम में बदइंतजामी है। इससे बेहतर रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म पर रात बिताएंगे। चादर वह अपने साथ लाए हैं।
सेना भर्ती कार्यालय के तहत आते हैं ये जिले
सेना भर्ती कार्यालय बरेली के तहत बरेली, बदायूं, बहराइच, बलरामपुर, फर्रुखाबाद, श्रावस्ती, लखीमपुर खीरी, शाहजहांपुर, सीतापुर, संभल, पीलीभीत और हरदोई जिले आते हैं। 11 और 12 मार्च को इन सभी जिलों के युवा भर्ती रैली में हिस्सा ले सकेंगे। अन्य दिनों में इन्हीं जिलों के लिए अलग-अलग भर्ती रैली होगी।
व्यवस्था न सुधरी तो 14-15 मार्च को होगी मुश्किल
अग्निवीर भर्ती रैली के दौरान ही 14 व 15 मार्च को उत्तर प्रदेश पुलिस में सब इंस्पेक्टर भर्ती परीक्षा है। इस परीक्षा के लिए बरेली में 19 केंद्र बनाए गए हैं। 27 से ज्यादा जिलों के 38 हजार से ज्यादा अभ्यर्थी इन दो दिन सब इंस्पेक्टर भर्ती परीक्षा में शामिल होंगे। अगर व्यवस्था में सुधार नहीं होता है तो इन दो दिन मुश्किल खड़ी हो सकती है।