Bareilly: आयुर्वेदिक मेडिकल कॉलेज के हॉस्टल में कुर्सी पर मिला प्रोफेसर का शव, कमरे में मिलीं शराब की बातलें
बरेली के सत्यराज आयुर्वेदिक मेडिकल कॉलेज के हॉस्टल में सोमवार दोपहर एसोसिएट प्रोफेसर का शव कुर्सी पर मिला। उनके कमरे से शराब की बोतलें और दवाइयां बरामद हुईं हैं।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
बरेली के मीरगंज इलाके में लभारी चौकी के पास स्थित सत्यराज आयुर्वेदिक मेडिकल कॉलेज के हॉस्टल में सोमवार दोपहर केरल के एर्नाकुलम निवासी एसोसिएट प्रोफेसर 32 वर्षीय डेव जॉन का शव कुर्सी पर मिला। पुलिस ने उनके परिजनों को सूचना दी है। केरल से परिजनों के आने के बाद शव का पोस्टमॉर्टम कराया जाएगा।
कॉलेज प्रशासन ने दोपहर साढ़े बारह बजे डायल-112 को सूचना दी कि उनके प्रोफेसर केरल निवासी डेव जॉन छात्रावास में अपने कमरे में मृत अवस्था में मिले हैं। सूचना मिलते ही प्रभारी निरीक्षक पुलिस टीम के साथ पहुंच गए।
कॉलेज के थर्ड फ्लोर स्थित हॉस्टल के कमरा संख्या एस-7 में डेव जॉन का शव कुर्सी पर बैठी अवस्था में मिला। उनकी गर्दन एक ओर झुकी हुई थी। कमरे की तलाशी के दौरान दो शराब की भरी बोतलें, एक खाली बोतल, कुछ खाली फ्रूटी के पैकेट, बिस्कुट तथा दवाइयां बरामद हुईं।
कई दिनों से अपने कमरे में ही रह रहे थे प्रोफेसर
पुलिस की पूछताछ में पता लगा कि डेव जॉन यहां बीएएमएस विभाग के स्वास्थ्य वृत्त एवं योग विषय में एसोसिएट प्रोफेसर पद पर कार्यरत थे। कॉलेज स्टाफ के अनुसार प्रोफेसर कई दिन से अपने कमरे में ही रह रहे थे। वह नियमित भोजन भी नहीं कर रहे थे।
स्टाफ ने बताया कि वह शराब ज्यादा पीने लगे थे। प्रोफेसर के ज्यादा करीबी स्टाफ ने बताया कि शायद कोई पारिवारिक वजह भी थी, जिसकी वजह से प्रोफेसर तनाव में लग रहे थे।
पुलिस ने फील्ड यूनिट को मौके पर बुलाकर साक्ष्य एकत्र किए। शव का पंचनामा भरकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। प्रथम दृष्टया अधिक शराब पीने, गर्मी या साइलेंट हार्ट अटैक के कारण मौत की आशंका जताई जा रही है। हालांकि मौत के सही कारणों का पता पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा।
प्रभारी निरीक्षक रवि कुमार ने बताया कि उन्होंने प्रोफेसर के पिता को फोन से सूचना दी तो उन्होंने कहा कि उन्हें इनसे कोई मतलब नहीं है। उनकी मां को फोन करो। जब मां को फोन किया तो फोन नहीं उठा। इंस्पेक्टर ने बताया कि कॉलेज स्टाफ से पूछताछ की तो पता लगा कि प्रोफेसर का पत्नी से मनमुटाव चल रहा था। आशंका है कि इसी अवसाद के कारण अधिक शराब पीने से मौत हो गई हो।