Weather: बरेली में बारिश का सिलसिला जारी, 24 घंटे में 31 एमएम दर्ज; दो दिन मौसम का ऑरेंज अलर्ट
Bareilly News: बरेली में बारिश का सिलसिला जारी है। बृहस्पतिवार को सुबह से बादल छाए रहे। रुक-रुककर रिमझिम बारिश हुई। इससे पहले बुधवार रात में तेज बारिश हुई। मौसम विभाग ने दो दिन भारी बारिश होने की संभावना जताई है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
बरेली में मानसून की सक्रियता बढ़ने से मंगलवार रात से जारी बारिश का दौर रुक-रुककर बुधवार को दिनभर जारी रहा। देर शाम घने बादल छाए और घंटे भर झमाझम बारिश से लोग तरबतर हुए। बृहस्पतिवार को सुबह से बादल छाए रहे। रुक-रुककर बारिश का क्रम जारी है। बीते 24 घंटे में 31.4 एमएम (मिलीमीटर) बारिश दर्ज की गई है। मौसम विभाग ने दो दिन बारिश का ऑरेंज अलर्ट और फिर बादल मंडराने का अनुमान जताया है।
बुधवार की सुबह और दोपहर में खंडवर्षा हुई। दोपहर में धूप निकली पर हवा में नमी की अधिकता से तपिश का अहसास नहीं हुआ। बीते दिनों के सापेक्ष उमस भी कम रही। अधिकतम तापमान दो डिग्री लुढ़ककर सामान्य से तीन डिग्री कम 32.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। शाम छह बजे के बाद फिर बादल घिरे और करीब घंटे भर तेज बारिश हुई। रात में भी रिमझिम का सिलसिला जारी रहा। न्यूनतम तापमान सामान्य से एक डिग्री अधिक 26.5 डिग्री सेल्सियस पर स्थिर रहा।
यह भी पढ़ें- बरेली में बारिश से बहे दावे: स्मार्ट सिटी की सड़कों पर जलभराव, बच्चों ने थर्माकोल की नाव चलाकर जताया विरोध
किस इलाके में कितनी हुई बारिश
मौसम विभाग के अनुसार बुधवार शाम चार बजे तक शहर में 12.6 एमएम बारिश दर्ज की गई। जिले के स्टेशनवार बारिश के आंकड़ों के अनुसार शाम चार बजे तक बीते 24 घंटे में बहेड़ी में 28 एमएम, आंवला में 21.4 एमएम, फरीदपुर में 14 एमएम, नवाबगंज में पांच एमएम, मीरगंज में 2.5 एमएम बारिश हुई। जिन इलाकों में अनुकूल माहौल बनेगा, वहां गरज के साथ बारिश हो सकती है। तेज हवा चलने की संभावना भी जताई गई है।
जलभराव से जूझे शहरवासी
बुधवार को हुई पहली तेज बारिश में शहर के निचले इलाकों से लेकर पॉश कॉलोनियों तक लोग जलभराव से जूझते रहे। सड़कों पर दो फुट तक पानी भरने से यातायात ठप हो गया। राहगीरों को घंटों जाम से जूझना पड़ा। कई वाहन बीच सड़क पर ही बंद हो गए। इस बीच मौका पाकर सिकलापुर में बच्चों ने पानी में थर्माकोल की नाव चलाई, जिसकी तस्वीर सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है। बारिश से पहले नाला सफाई के बड़े बड़े दावे किए गए, लेकिन हकीकत में सिर्फ ऊपर से ही उनकी सफाई की गई।
नारी निकेतन में हुआ जलभराव
शहर के हजियापुर स्थित नारी निकेतन में बुधवार को हुई बारिश से गंभीर जलभराव हो गया। परिसर के अंदर और बाहर पानी भर गया। नारी निकेत के अधीक्षक ने बताया कि परिसर में पानी भरने से महिलाओं को तख्त पर बैठकर खाना बनाना पड़ता है। मुख्य गेट के सामने घुटनों तक पानी होने से प्रवेश करना मुश्किल हो जाता है।