रामपुर अधिवक्ता हत्याकांड: बरेली और पीलीभीत में वकीलों ने किया विरोध प्रदर्शन, अफसरों को सौंपे ज्ञापन
रामपुर जिले में अधिवक्ता फारूख अहमद खां की हत्या पर वकीलों में आक्रोश है। घटना के विरोध में बरेली और पीलीभीत में वकीलों ने प्रदर्शन किया और अफसरों को ज्ञापन सौंपे। ज्ञापन के माध्यम से आरोपियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई कराने और एडवोकेट प्रोटेक्शन एक्ट तत्काल लागू कराए जाने की मांग की गई।
विस्तार
रामपुर में बुधवार को एक अधिवक्ता की गोली मारकर हुई हत्या के मामले में बरेली बार एसोसिएशन ने विरोध जताया है। बरेली बार एसोसिएशन के अध्यक्ष मनोज कुमार हरित और सचिव दीपक पांडेय के नेतृत्व में अधिवक्ताओं ने बृहस्पतिवार को कलक्ट्रेट में आकर नारेबाजी की और मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन जिला प्रशासन को दिया।
प्रदर्शन करने वाले अधिवक्ताओं ने कहा है कि जिला रामपुर के अधिवक्ता फारूख अहमद खां की बुधवार दोपहर को दिनदहाड़े निर्मम हत्या कर दी गई थी। घटना से नाराज अधिवक्ताओं ने कहा कि प्रदेश में वकीलों की हो रही हत्याओं से भय का माहौल है, जबकि सरकार भय मुक्त प्रदेश के नारे लगाती है। उन्होंने कहा कि अधिवक्ताओं के साथ लगातार संगीन वारदात बढ़ रही हैं। प्रदेश के समस्त अधिवक्ता लगातार सुरक्षा की मांग करते चले आ रहे हैं, लेकिन सरकार अधिवक्ताओं के प्रति उदासीन रवैया अपनाए हुए है।
एडवोकेट्स प्रोटेक्शन एक्ट लागू करने की मांग
बरेली बार एसोसिएशन ने ज्ञापन के माध्यम से मुख्यमंत्री से मांग है कि मृतक अधिवक्ता फारूख के आश्रितों को एक करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता तत्काल प्रदान की जाएं। साथ ही एडवोकेट्स प्रोटेक्शन एक्ट को प्रदेश में तत्काल लागू कर समाज के महत्वपूर्ण स्तंभ अधिवक्ता समाज को सुरक्षा प्रदान की जाए, ताकि अधिवक्ता, समाज में अपना विधि व्यवसाय निर्भीक रूप से कर, समाज को न्याय दिला कर संविधान की रक्षा कर सके।
पीलीभीत में वकीलों का जोरदार प्रदर्शन
पीलीभीत में बृहस्पतिवार को जिला मुख्यालय से लेकर बीसलपुर, पूरनपुर में अधिवक्ताओं ने विरोध प्रदर्शन कर अफसरों को ज्ञापन दिया है। जिला संयुक्त बार एसोसिएशन के अध्यक्ष राजीव अवस्थी और महासचिव विद्याराम वर्मा की अगुवाई में अधिवक्ताओं ने डीएम ज्ञानेंद्र सिंह को ज्ञापन दिया। पीड़ित परिजनों के लिए मुआवजा और अधिवक्ता सुरक्षा कानून लागू किए जाने की मांग की। उधर बीसलपुर में अधिवक्ताओं ने नगर में जुलूस निकाला। तहसील परिसर में प्रदर्शन करने के बाद एसडीएम को ज्ञापन दिया है।
सिविल बार एसोसिएशन से जुड़े अधिकांश अधिवक्ता बृहस्पतिवार को दोपहर मुंसिफ कोर्ट परिसर में जमा हुए। उसके बाद अधिवक्ता जुलूस बनाकर तहसील कार्यालय आए । एसडीएम नागेंद्र पांडेय को राज्यपाल व मुख्यमंत्री के नाम संबोधित ज्ञापन दिए । ज्ञापन में रामपुर के अधिवक्ता हत्याकांड के आरोपियों के विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई कराने और एडवोकेट प्रोटेक्शन एक्ट तत्काल लागू कराए जाने की मांग की गई है। इस मौके पर एसोसिएशन के अध्यक्ष सियाराम माथुर, महामंत्री सुशील तोमर, मोहम्मद वसीम, मोहम्मद आशिक, रितेश दुबे, ज्ञानेंद्र शुक्ला आदि मौजूद रहे।
