UP: बरेली में मुर्गों की लड़ाई पर दांव लगाते छह लोग गिरफ्तार, सात मुर्गे भी पुलिस हिरासत में
Bareilly News: भोजीपुरा इलाके से चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां कुछ लोग मुर्गों की लड़ाई पर दांव खेल रहे थे। सूचना पर पहुंची पुलिस ने छह लोगों को गिरफ्तार कर लिया। सात मुर्गों को भी हिरासत में लिया गया है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
बरेली में मुर्गों की लड़ाई पर दांव लगाकर जुआ खेलते छह लोगों को भोजीपुरा थाना पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मौके से सात लड़ाकू मुर्गे भी अभिरक्षा में लिए हैं। मौके से 2910 रुपये बरामद किए गए हैं।
भोजीपुरा थाना प्रभारी केबी सिंह ने बताया कि थाना पुलिस को सूचना मिली कि सोमवार शाम सैदपुर प्यारेलाल गांव स्थित आम के बाग में मुर्गा लड़ाई कर बड़े पैमाने पर जुआ खेला जा रहा है। सूचना के आधार पर दरोगा रंजीत कुमार के नेतृत्व में टीम ने छापा मारा। पुलिस को देखकर कुछ जुआरी भाग निकले।
यह भी पढ़ें- फेसबुक पर दोस्ती पड़ी महंगी: युवती ने वकील को दिखाए सुनहरे सपने, फिर ठग लिए 15.45 लाख रुपये
ये आरोपी हुए गिरफ्तार
गिरफ्तार किए गए अभियुक्तों में मकसूद खां, अख्तर खां, साजिद, पप्पू, तेजपाल और भुलइया शामिल हैं। इन सभी के खिलाफ जुआ अधिनियम और पशु क्रूरता निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है। साजिद का पहले भी आपराधिक इतिहास रहा है। पुलिस आगे की कार्रवाई कर रही है। इसके साथ ही जुए में लगी 2910 रुपये की नगदी भी बरामद की गई है।
अब मुर्गे मचा रहे थाने में उत्पात
पुलिस ने मौके से सात लड़ाकू मुर्गे भी अभिरक्षा में लिए हैं। चूंकि कार्रवाई में इनका जिक्र होने की वजह से ये भी माल मुकदमा हो गए हैं लेकिन इनको थाने में ज्यादा समय रख पाना संभव नहीं हो पा रहा है। मुर्गे थाने में इधर से उधर धमाचौकड़ी कर रहे हैं और गंदगी भी फैला रहे हैं।
इंस्पेक्टर केबी सिंह ने बताया कि मुर्गों के असली मालिक कार्रवाई के दौरान भाग गए थे। अब गांव के किसी प्रबुद्ध व्यक्ति या प्रधान को इन मुर्गों को सुपुर्दगी में दिया जाएगा। इनको सुरक्षित रखने की जिम्मेदारी तय होगी ताकि कार्रवाई के दौरान जरूरत के समय इन्हें पेश किया जा सके।