उर्स-ए-रजवी: बरेली में तीन दिन बंद रहेगा पुराना बस अड्डा, भारी वाहनों की नो एंट्री; ट्रैफिक एडवाइजरी जारी
बरेली में उर्स-ए-आला हजरत के मद्देनजर छह अगस्त रात आठ बजे से आठ अगस्त तक शहर में यातायात व्यवस्था बदली रहेगी। इस दौरान पुराना बस अड्डा बंद रहेगा। सेटेलाइट से बसों का संचालन होगा। इसे लेकर ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की गई है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
बरेली में उर्स-ए-आला हजरत (उर्स-ए-रजवी) के मद्देनजर यातायात व्यवस्था में बदलाव किया गया है। यह डायवर्जन छह अगस्त से तीन दिन तक लागू रहेगा। देश-विदेश से आने वाले लाखों जायरीन की भीड़ को देखते हुए एसएसपी अनुराग आर्य ने यह निर्णय लिया है। एसपी यातायात अकमल खान ने बताया कि डायवर्जन छह अगस्त की रात आठ बजे से आठ अगस्त को कार्यक्रम की समाप्ति तक प्रभावी रहेगा। उर्स के दौरान शहर में भारी और हल्के वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा।
दिल्ली, रामपुर, नैनीताल और पीलीभीत की ओर से आने वाले भारी वाहन बड़े बाईपास का उपयोग करेंगे। लखनऊ की ओर जाने वाले भारी वाहन शाहजहांपुर से गंगा एक्सप्रेसवे का प्रयोग कर सकेंगे। फतेहगंज पूर्वी में रेलवे पुल निर्माण के कारण बदायूं जाने वाले वाणिज्यिक वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा। रोडवेज बसों का संचालन केवल सेटेलाइट बस स्टैंड से होगा। पुराने बस स्टैंड से कोई बस नहीं चलेगी। यह डायवर्जन उर्स में शामिल होने वाले जायरीन के वाहनों पर लागू नहीं होगा।
भारी वाहनों के लिए मार्ग परिवर्तन
झुमका तिराहा, परसाखेड़ा, विलवा अंडरपास और इनवर्टिस तिराहा सहित कई स्थानों से भारी वाहनों का शहर में प्रवेश वर्जित रहेगा। दिल्ली, नैनीताल और पीलीभीत रोड से लखनऊ जाने वाले वाहन झुमका तिराहे से बड़ा बाईपास होते हुए फरीदपुर से जा सकेंगे। बरेली से रामपुर, मुरादाबाद और दिल्ली जाने वाले भारी वाहन बड़े बाईपास से मीरगंज, मिलक होते हुए आगे जाएंगे। बरेली से आगरा जाने वाले वाहन परसाखेड़ा और ट्रांसपोर्ट नगर से इन्वर्टिस तिराहा होते हुए बड़ा बाईपास का उपयोग करेंगे।
सात और आठ अगस्त को सुबह आठ बजे से उर्स की समाप्ति तक जायरीन की भीड़ बढ़ने पर छोटे वाहनों का डायवर्जन होगा। चार पहिया वाहन, ऑटो और ई-रिक्शा ईसाइयों की पुलिया, गांधी उद्यान, चौकी चौराहा और चौपुला चौराहा जैसे क्षेत्रों में प्रतिबंधित रहेंगे। इन वाहनों के लिए गांधी उद्यान से जंक्शन तिराहा और इज्जत नगर तिराहे से गांधी उद्यान की ओर वैकल्पिक मार्ग उपलब्ध रहेंगे।
यहां बनाए गए पार्किंग स्थल
जायरीन की बसों के लिए शाहजहांपुर, पीलीभीत और बदायूं रोड की तरफ से आने वाली बसें रेलवे यार्ड सुभाषनगर और सिंचाई विभाग गेस्ट हाउस में खड़ी होंगी। नैनीताल रोड से आने वाली बसें इज्जत नगर फ्लाईओवर से रेलवे स्टेशन पार्किंग में खड़ी होंगी। दिल्ली और रामपुर की तरफ से आने वाली बसें जेलर साहब के बाग और बीएल एग्रो परसाखेड़ा में पार्क की जाएंगी। पत्रकार और अन्य महत्वपूर्ण व्यक्तियों के वाहनों की पार्किंग जीआईसी में होगी।