SIR: बरेली के 15.84 लाख मतदाताओं के फॉर्म अपलोड, 2003 की सूची में नहीं मिले 2.83 लाख के नाम
विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान चार दिसंबर तक चलना है, लेकिन बरेली जिले में अभी तक सिर्फ 46.53 प्रतिशत मतदाताओं के ही गणना प्रपत्र डिजिटाइज हो गए हैं। एसआईआर के काम में जिले में मीरगंज विधानसभा क्षेत्र शीर्ष पर है। जबकि फरीदपुर, बरैली कैंट और बरेली नगर की स्थिति बेहतर नहीं है।
विस्तार
बरेली जिले में विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान में अब तक 15.84 लाख मतदाताओं के गणना प्रपत्र बीएलओ के पास वापस आ गए हैं। सर्वे के दौरान 2.83 लाख मतदाताओं या उनके सगे संबंधियों के नाम वर्ष 2003 की मतदाता सूची में नहीं पाए गए हैं। यानी 8.31 प्रतिशत वोटरों या उनके सगे-संबंधियों के नाम पुरानी सूची में नहीं हैं।
जिले में चार नवंबर से एसआईआर अभियान शुरू हुआ है। ये चार दिसंबर तक चलना है। अब तक आधे से भी कम मतदाताओं के गणना प्रपत्रों का डिजिटाइजेशन हो पाया है। मतदाता सूची में 18.21 लाख वोटर ऐसे हैं, जिनके गणना प्रपत्र अभी बीएलओ को वापस नहीं मिले हैं।
वर्तमान सूची में 34 लाख मतदाता
डीएम अविनाश सिंह ने बताया कि वर्तमान मतदाता सूची में वोटरों की संख्या 34 लाख है। 46.53 प्रतिशत वोटरों के गणना प्रपत्र डिजिटाइज हो गए हैं। जिले में मीरगंज विधानसभा क्षेत्र शीर्ष पर है। यहां 55.57 प्रतिशत डिजिटाइजेशन का कार्य बुधवार दोपहर 12.30 बजे तक हो गया। फरीदपुर, बरैली कैंट और बरेली नगर की स्थिति बेहतर नहीं है।
यह भी पढ़ें- बरेली में बीएलओ की मौत: दो माह पहले कैंसर से शिक्षक की पत्नी की गई थी जान, दो जुड़वा बच्चे हुए बेसहारा
उन्होंने बताया कि 2.83 लाख मतदाताओं की मैपिंग नहीं हो पाई है। क्योंकि, वर्ष 2003 की मतदाता सूची में न तो इनका नाम हैं और न ही इनके माता-पिता का। गणना प्रपत्र वापस लेने और अनंतिम मतदाता सूची प्रिंट होने के बाद नौ दिसंबर को प्रकाशन होगा। इसके बाद बिना मैपिंग वाले मतदाताओं को प्रशासन नोटिस जारी करेगा।
बीएलओ को खोजे नहीं मिले 1.23 लाख मतदाता
उप जिला निर्वाचन अधिकारी संतोष कुमार सिंह ने बताया कि बीएलओ के सर्वे के दौरान 1,23,421 मतदाता अपने घरों में नहीं मिले हैं। इसमें 46,992 वोटरों की मृत्यु हो चुकी है, जबकि शेष मतदाता दूसरे क्षेत्र में शिफ्ट होने या अन्य कारण से बीएलओ को खोजे नहीं मिले हैं।
एसआईआर फॉर्म भरने में पार्षद करेंगे सहयोग
मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) में तेजी के लिए बुधवार को कलक्ट्रेट में जिला निर्वाचन अधिकारी अविनाश सिंह ने बरेली शहर और कैंट विधानसभा क्षेत्र के ईआरओ, एईआरओ, नगर निगम पार्षदों के साथ बैठक की। शहरी इलाकों में भरे फॉर्म लेने में आ रही समस्या साझा करते हुए पार्षदों से सहयोग के लिए कहा। पार्षदों ने भी समस्या बताई और सुझाव दिए।
कैंप लगाकर मतदाताओं के भरे फॉर्म
मतदाता जागरूक अभियान के तहत सूफी टोला वार्ड के कसाई टोला व काजी टोला में कैंप लगाकर मुस्लिम मजलिस के कार्यकर्ताओं ने मतदाताओं के फाॅर्म भरने में सहयोग किया। इसमें राजू, हबीब अंसारी, शमीम कुरैशी, बिलाल कर्म बबलू अब्बासी शामिल रहे। ऑल इंडिया मुस्लिम मजलिस के जिलाध्यक्ष आतीक करम इदरीसी ने बताया कि मजलिस की ओर से एसआईआर प्रक्रिया के तहत मतदाता जगरूकता अभियान चलाया जा रहा है, इसमें सबकी भागीदारी जरूरी है।