ज्ञानपुर। पुलिस ने फर्जी पेमेंट दिखाकर सराफा व्यापारियों से आभूषण खरीदने वाले गिरोह के सरगना ज्योतिष दुबे, अजीत कुमार सिंह, पवन सेठ, सौरभ मिश्रा और नितिन पांडेय के खिलाफ रविवार को गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई की है। यह गिरोह फर्जी तरीके से आभूषण खरीदने के बाद उसे गलाकर सिल्ली बनाकर बेच देता था। आरोपियों के खिलाफ भदोही व मिर्जापुर के अलग-अलग थानों में कुल 13 से ज्यादा मामले दर्ज हैं।
गोपीगंज कोतवाली पुलिस ने दो महीने पहले सराफा व्यापारियों से फर्जी पेमेंट एप के जरिये ठगी के मामले में तीन आरोपियों विंध्याचल मिर्जापुर निवासी ज्योतिष दुबे, मिर्जापुर निवासी अजीत कुमार सिंह और अर्जुनपुर विंध्याचल के निवासी पवन सेठ को पकड़ा था। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 2.81 ग्राम सोना (रवा), 176.08 ग्राम चांदी (सिल्ली) और 3000 रुपये नकद बरामद किया गया। आभूषण व्यवसायियों की शिकायत के मामले की जांच कर रही पुलिस को पता चला कि ठगी में गिरोह काम कर रहा है जो फर्जी पेमेंट एप के माध्यम से आभूषण व्यवसायियों को गुमराह कर आभूषण लेकर चंपत हो जा रहा। विवेचना के दौरान चडैचा जिगना मिर्जापुर निवासी सौरभ मिश्रा व डुगहरा विंध्याचल मिर्जापुर निवासी नितिन पांडेय का भी नाम सामने आया। पुलिस अधीक्षक अभिनव त्यागी ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट की कार्रवाई की गई है। गोपीगंज कोतवाली में प्राथमिकी दर्ज कराई गई है।