लालानगर। गोपीगंज नगर में ठगों का जाल फैल गया है। सीधी-साधी महिलाएं ठगों का शिकार बन जा रही हैं। मंगलवार को सोने का नकली बिस्किट देकर ठगों ने एक महिला से 12 तोला चांदी लेकर गायब हो गए। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने जांच शुरु कर दिया। एक माह में यह दूसरी घटना है। करीब 15 दिन पूर्व एक महिला को ठगों ने कागज का बंडल पकड़ाकर पैसा लेकर गायब हो गए थे।
ज्ञानपुर रोड स्थित नोनियानी गली निवासी मैना देवी ने तहरीर में बताया कि वह कुछ जरूरी कार्य के लिए राजमार्ग की तरफ जा रही थी। उसी दौरान एक युवक सड़क पर कुछ ढूंढते हुए दिखाई पड़ा। उसने महिला से कहा कि माताजी मेरा एक छोटा सा पर्स गिर गया है, जिसमें सोने का समान है। महिला से बातचीत करते हुए ठग ने उसे अपने बातों में उलझाए रखा। कुछ देर में एक व्यक्ति साइकिल से पहुंचा और कहां कि मुझे यहां पर एक पर्स मिला है। दोनों ने महिला के सामने पर्स खोला तो उसमें सोने का बिस्किट जैसा दिखा। ठगों ने महिला को झांसे में लेकर कहां की एक बिस्किट आप ले लीजिए और अपनी चांदी का पायल हमें दे दीजिए, महिला ठगों के बातों में आकर अपना कीमती चांदी के दोनों पायल देकर चली गई। कुछ देर बाद जब उसे जानकारी हुई कि वह ठगी का शिकार हो गई है तो वह कोतवाली पहुंची। प्रभारी निरीक्षक सच्चिदानंद पांडेय ने कहा कि महिला की शिकायत पर जांच की जा रही है। सीसीटीवी की जांच की जा रही है। आरोपियों को जल्द ही गिरफ्तार किया जाएगा।