'मेरे बच्चे को पिता का नाम चाहिए': थाने के सामने बैठी गर्भवती महिला, शारीरिक शोषण का आरोप; नहीं हुई कार्रवाई
Bhadohi News: गोपीगंज कोतवाली में मिर्जापुर निवासी महिला ने बिरनई गांव के युवक पर शादी का झांसा देकर शारीरिक शोषण का आरोप लगाया। महिला का कहना है कि शिकायत के बावजूद पुलिस ने सुनवाई नहीं की, जिससे नाराज होकर वह थाने के सामने धरने पर बैठ गई। पुलिस ने आरोपी युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
UP News: भदोही जिले के गोपीगंज कोतवाली क्षेत्र में बुधवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब एक महिला शादी का झांसा देकर शारीरिक शोषण किए जाने का आरोप लगाते हुए कोतवाली के सामने धरने पर बैठ गई। महिला का आरोप था कि कई दिनों से शिकायत करने के बावजूद पुलिस उसकी सुनवाई नहीं कर रही थी। महिला के सड़क पर बैठते ही कुछ देर के लिए आवागमन बाधित हो गया और मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई।
जानकारी के अनुसार मिर्जापुर जिले के एक गांव निवासी महिला बुधवार सुबह गोपीगंज कोतवाली पहुंची। उसने आरोप लगाया कि गोपीगंज के बिरनई गांव निवासी एक युवक ने शादी का वादा कर उसके साथ लंबे समय तक संबंध बनाए। बाद में उसे पता चला कि आरोपी पहले से शादीशुदा है और उसके बच्चे भी हैं। महिला का कहना है कि जब वह चार माह की गर्भवती हुई तो आरोपी ने उस पर गर्भपात कराने का दबाव बनाना शुरू कर दिया। विरोध करने पर युवक ने उससे संबंध तोड़ लिया।
कार्रवाई और न्याय दिलाने की मांग
पीड़िता के मुताबिक जब वह आरोपी के घर पहुंची तो युवक और उसके परिजनों ने उसके साथ मारपीट कर भगा दिया। महिला ने बताया कि उसने 11 मई को गोपीगंज थाने में तहरीर दी थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। इसी से नाराज होकर वह बुधवार को कोतवाली के सामने धरने पर बैठ गई।
महिला के धरने पर बैठने की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। पुलिस अधिकारियों ने तत्काल मौके पर पहुंचकर महिला को समझाने का प्रयास किया। इसके बाद पुलिस ने आरोपी युवक को हिरासत में लेकर कोतवाली बुलाया और पूछताछ शुरू कर दी।
प्रभारी निरीक्षक शैलेश राय ने बताया कि महिला पहले भी थाने आई थी। उस समय उसे प्राथमिकी दर्ज कराने की सलाह दी गई थी, लेकिन उसने मना कर दिया था। अब महिला की तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच में जो तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी।