Bijnor: प्रसव के बाद महिला की मौत, नवजात सुरक्षित, अस्पताल पर लापरवाही का आरोप
बिजनौर के किरतपुर में प्रसव के दौरान 35 वर्षीय महिला की मौत हो गई, जबकि नवजात बच्ची सुरक्षित है। परिजनों ने निजी अस्पताल पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा किया और निष्पक्ष जांच की मांग की। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
बिजनौर के किरतपुर क्षेत्र में नजीबाबाद रोड स्थित एक निजी अस्पताल में प्रसव के दौरान 35 वर्षीय महिला की मौत हो गई, जबकि नवजात बच्ची सुरक्षित है। घटना के बाद परिजनों और ग्रामीणों ने अस्पताल प्रबंधन पर इलाज में लापरवाही का आरोप लगाते हुए अस्पताल परिसर में हंगामा किया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। अस्पताल का स्टाफ घटना के बाद मौके से फरार बताया जा रहा है।
बेटी को जन्म देने के कुछ देर बाद बिगड़ी तबीयत
ग्राम छितावर निवासी सोनी (35), पत्नी देवेंद्र, को प्रसव के लिए नजीबाबाद रोड स्थित निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। प्रसव के दौरान उन्होंने एक बच्ची को जन्म दिया। नवजात सुरक्षित है, लेकिन कुछ ही देर बाद महिला की तबीयत अचानक बिगड़ गई और उसकी मौत हो गई। सोनी पहले से दो बेटियों और एक बेटे की मां थीं।
परिजनों का हंगामा, अस्पताल प्रबंधन पर लगाए गंभीर आरोप
महिला की मौत की सूचना मिलते ही परिजन और आसपास के गांवों के ग्रामीण बड़ी संख्या में अस्पताल पहुंच गए। उन्होंने अस्पताल प्रबंधन पर इलाज में लापरवाही का आरोप लगाया। परिजनों का कहना है कि घटना के बाद अस्पताल का स्टाफ मौके से चला गया, जबकि महिला का शव अस्पताल में ही पड़ा रहा।
मौके पर मृतका के पति देवेंद्र, नरेंद्र, पूर्व ग्राम प्रधान ऋषिपाल, तेजपाल, सोनू, राकेश, पिंटू, उषा, संतोष, रेखा सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। ग्रामीणों ने दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की।
निजी अस्पतालों की जांच की भी उठी मांग
ग्रामीणों ने प्रशासन से क्षेत्र में संचालित निजी अस्पतालों की जांच कराने, अस्पताल की मान्यता और स्वास्थ्य विभाग के मानकों के अनुरूप संचालन की जांच करने तथा बिना मान्यता संचालित अस्पतालों और अवैध उपचार के मामलों की भी जांच कराने की मांग की।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद स्पष्ट होगी मौत की वजह
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की जानकारी जुटाई। पुलिस का कहना है कि महिला की मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच पूरी होने के बाद ही चल सकेगा। फिलहाल मामले की जांच की जा रही है।