बिजनौर। गुरु जंभेश्वर विश्वविद्यालय की प्रथम अंतर महाविद्यालय शतरंज प्रतियोगिता का आयोजन वर्धमान डिग्री कॉलेज के शारीरिक शिक्षा एवं खेलकूद विभाग में हुआ। पुरुष वर्ग में सर्वज्ञ भारद्वाज और महिला वर्ग में श्रेया भारद्वाज ने प्रथम स्थान हासिल किया। ये दोनों ही विजेता वर्धमान डिग्री कॉलेज बिजनौर के विद्यार्थी हैं और सगे भाई बहन हैं। दोनों वर्गों के प्रथम चार खिलाड़ी अब नार्थ जॉन विश्वविद्यालय प्रतियोगिता में प्रतिभाग करेंगे।
पुरुष वर्ग में सर्वज्ञ भारद्वाज ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। सूर्य प्रभाकर रस्तोगी (हिंदू कॉलेज, मुरादाबाद) द्वितीय, प्रज्ज्वल चौहान तृतीय और सुदर्शन शर्मा चतुर्थ स्थान पर रहे। महिला वर्ग में श्रेया भारद्वाज ने प्रथम, आशी उज्ज्वल ने द्वितीय, अनुकृति ने तृतीय और सानिया श्रीवास्तव ने (राजकीय रजा कॉलेज, रामपुर) चतुर्थ स्थान पाया।
समापन पर विजेताओं को मेडल पहनाकर सम्मानित किया गया। प्रतियोगिता में बिजनौर, मुरादाबाद और रामपुर जनपद के खिलाड़ियों ने भाग लिया। प्रतियोगिता का शुभारंभ प्राचार्या डॉ. प्रीति खन्ना ने किया। विश्वविद्यालय की ओर से डॉ. सनी कुमार (गुलाब सिंह डिग्री कॉलेज, चांदपुर) पर्यवेक्षक रहे। निर्णायक मंडल में सीनियर नेशनल आर्बिटर विवेक त्यागी सहित नूतन भारद्वाज, शोभित जैन एवं प्रीति त्यागी शामिल रहे। इस अवसर पर सचिव डॉ. जयदीप शर्मा ने सभी का आभार व्यक्त किया।