बिजनौर। इंदिरा बाल भवन में विद्यार्थियों को कॅरिअर के प्रति जागरूक करने और रोजगार के बेहतर विकल्पों से जोड़ने के उद्देश्य से कॅरिअर गाइडेंस मेला कार्यक्रम हुआ। विभिन्न शिक्षण संस्थानों, विशेषज्ञों और मार्गदर्शकों ने छात्रों को उच्च शिक्षा, प्रतियोगी परीक्षा और रोजगार के अवसरों की जानकारी दी।
मेले में कक्षा 10 व 12 के विद्यार्थियों के साथ-साथ स्नातक स्तर के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। विशेषज्ञों ने छात्रों को उनकी रुचि और क्षमता के अनुसार विषय चयन, करियर प्लानिंग और स्किल डेवलपमेंट पर मार्गदर्शन दिया। साथ ही सरकारी व निजी क्षेत्र में उपलब्ध कॅरिअर विकल्पों, स्टार्टअप और स्वरोजगार की संभावनाओं पर भी विस्तार से चर्चा की गई। कार्यक्रम में बेस्ट प्रैक्टिसेज सत्र में शिक्षा के क्षेत्र में अपनाए गए सफल प्रयोगों और नवाचारों को साझा किया गया।
राजकीय विद्यालय ने गाइडेंस मेले में अपने मॉडल प्रस्तुत किए। इसके आधार पर राजकीय बालिका इंटर कॉलेज मीरापुर बांगर को प्रथम, राजकीय बालिका इंटर कॉलेज बिजनौर को द्वितीय, राजकीय बालिका इंटर कॉलेज किरतपुर को तृतीय स्थान मिला। विद्यार्थियों को डीआईओएस जयकरन यादव ने प्रशस्ति पत्र एवं मास्टर ट्रेनर, प्रधानाचार्यों को स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया। वक्ताओं ने कहा कि इस तरह के कार्यक्रम छात्रों को सही दिशा देने में अहम भूमिका निभाते हैं। इससे विद्यार्थियों को अपने लक्ष्य तय करने की प्रेरणा भी मिली। इस मौके पर जितेंद्र कुमार, धर्मवीर, रीना, डॉ. निशांत कुमार यादव, उज्जवल गौड़ आदि मौजूद रहे।