Budaun News: एसआईआर के नोटिस का जवाब देने तहसील आए बुजुर्ग की बिगड़ी हालत, मौत; हार्ट अटैक की आशंका
बदायूं की सदर तहसील में बुधवार को एक बुजुर्ग की अचानक तबीयत बिगड़ गई। उसे जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। हार्ट अटैक से बुजुर्ग की मौत होने की आशंका जताई गई है।
विस्तार
बदायूं में विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के नोटिस का जवाब देने के लिए बुधवार को सदर तहसील गए सत्यपाल सिंह की हालत बिगड़ गई। कर्मचारी उन्हें जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। सूचना पर परिवार के लोग भी अस्पताल पहुंच गए। कोतवाली पुलिस ने शव को मोर्चरी में रखवा दिया।
सिविल लाइंस थाना क्षेत्र के मोहल्ला आदर्श नगर कृष्णा नगर के रहने वाले सत्यपाल सिंह (67) बुधवार की दोपहर करीब दो बजे एसआईआर के नोटिस को लेकर निस्तारण कराने के लिए तहसील सदर गए थे। तहसील के कर्मचारियों का कहना है कि अचानक उनको बेचैनी हुई तो उन्हें जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन तब तक उनकी मौत हो गई। हार्टअटैक से मौत होने की संभावना जताई जा रही है। मौत की सूचना पर तहसील प्रशासन के अधिकारी व कर्मचारी अस्पताल पहुंच गए।
कोतवाली व सिविल लाइंस पुलिस भी अस्पताल पहुंची और शव को मोर्चरी में रखवाकर परिजनों को सूचना दी। वहीं, एलआईयू के कर्मचारी भी अस्पताल पहुंचे और गोपनीय जांच रिपोर्ट तैयार कर शासन को भेजी है। टीम हर बिंदू पर जांच कर रही है।
सत्यपाल के सीने में उठा था दर्द
एसडीएम सदर मोहित कुमार ने बताया कि एसआईआर के तहत नोटिस उनके पास गया था। इसकी सुनवाई के लिए आए थे। इस दौरान उन्होंने बताया कि बेचैनी हो रही और सीने में दर्द भी है। ऐसे में स्टाफ ने उनको जिला अस्पताल पहुंचाया। जहां उनकी मौत हो गई।
सीओ सिटी रजनीश उपाध्याय ने कहा कि तहसील में एसआईआर के नोटिस के निस्तारण के लिए पहुंचे थे। कर्मचारी उन्हें लेकर अस्पताल आए लेकिन तब तक मौत हो गई। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का सही कारण पता चल सकेगा। अब तक की जांच में हार्टअटैक से मौत होने की बात सामने आई है।
जिला अस्पताल के सीएमएस डॉ. अमित वार्ष्णेय ने कहा कि सत्यपाल को जब अस्पताल लगाया गया तो उनकी इमरजेंसी में तैनात डॉक्टर ने जांच की थी। लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। वह मृत हालत में ही अस्पताल लाए गए थे।
