Budaun News: ई-रिक्शा की टक्कर से मासूम बच्चे की मौत, गुस्साए परिजनों ने चालक को पीटा, हंगामा
उझानी में सोमवार को ई-रिक्शा और बाइक की टक्कर में एक वर्षीय बच्चे की मौत हो गई। हादसे के बाद उसे राजकीय मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित किया। बच्चे की मौत से गुस्साए परिजनों ने मेडिकल कॉलेज में ई-रिक्शा चालक से मारपीट कर दी।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
बदायूं के उझानी थाना क्षेत्र में जीबी गोविंद बल्लभ पंत महाविद्यालय के पास ई-रिक्शा और बाइक की आमने-सामने की टक्कर में एक वर्षीय मासूम बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद घायल बच्चे को पहले उझानी के अस्पताल ले जाया गया, जहां से गंभीर हालत में राजकीय मेडिकल कॉलेज रेफर किया, यहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मासूम की मौत के बाद मेडिकल कॉलेज में परिजनों का गुस्सा फूट पड़ा। परिजनों और ई-रिक्शा चालक की पिटाई कर दी। काफी देर तक हंगामा हुआ।
अलापुर थाना क्षेत्र के गांव उपरेला निवासी ओमवीर सोमवार को अपने परिवार के साथ बाइक से कछला घाट गए थे। उनके साथ उनका एक वर्षीय पुत्र सुशांत भी था। दोपहर बाद करीब ढाई बजे वापस लौटते समय जीबी गोविंद बल्लभ पंत महाविद्यालय के पास सामने से आ रहे ई-रिक्शा से उनकी बाइक की जोरदार टक्कर लग गई। इससे बाइक सड़क पर गिर गई। हादसे में मासूम सुशांत गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि बाइक सवार अन्य लोगों को भी मामूली चोटें आई।
घटना के बाद परिजन और राहगीर घायल बच्चे को तत्काल उझानी के अस्पताल लेकर पहुंचे। वहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसकी हालत नाजुक देखते हुए राजकीय मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। मेडिकल कॉलेज में चिकित्सकों ने जांच के बाद मासूम को मृत घोषित कर दिया। इससे परिजनों में चीख पुकार मच गई। गुस्साए परिजनों और ई-रिक्शा चालक के बीच मेडिकल कॉलेज परिसर में कहासुनी के बाद झड़प हो गई। मारपीट होने से हंगामा हो गया। पुलिस ने दोनों पक्षों को शांत कराया और स्थिति पर काबू पाया।
मारपीट होने का वीडियो हुआ वायरल
राजकीय मेडिकल कॉलेज हॉल में परिजनों और टेंपो चालकों में मारपीट होने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इसमें जमकर लात- घूंसे चले। वीडियो में मारपीट साफ दिखाई दे रही है। मारपीट में महिलाएं भी शामिल है।