LPG Cylinder: बदायूं में रसोई गैस के सिलिंडर लेने के लिए उमड़ी भीड़, एजेंसी पर लगी लंबी कतार
पश्चिम एशिया में छिड़े युद्ध के बीच गैस सिलिंडरों की आपूर्ति पर संकट मंडराने लगा है। बदायूं में मंगलवार को सुबह से ही गैस एजेंसी पर उपभोक्ताओं की भीड़ उमड़ पड़ी। सिलिंडर लेने के लिए लोगों में अफरातफरी का माहौल रहा।
विस्तार
बदायूं में गैस एजेंसी पर घरेलू गैस सिलिंडर लेने के लिए मंगलवार को लोगों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। सुबह से ही बड़ी संख्या में उपभोक्ता सिलिंडर लेने के लिए एजेंसी पहुंच गए, जिससे वहां अफरा-तफरी जैसी स्थिति बन गई। बताया जाता है कि पिछले कुछ दिनों से गैस सिलिंडर की आपूर्ति प्रभावित रहने के कारण कई उपभोक्ताओं को समय पर सिलिंडर नहीं मिल पा रहा था। जैसे ही एजेंसी पर सिलिंडर पहुंचने की सूचना लोगों को मिली, बड़ी संख्या में लोग सिलिंडर लेने के लिए पहुंच गए। एजेंसी परिसर के बाहर लंबी कतारें लग गईं और कई लोग घंटों तक अपनी बारी का इंतजार करते नजर आए।
यह भी पढ़ें- युद्ध का असर: बरेली में व्यावसायिक सिलिंडरों पर संकट, होटल और रेस्टोरेंट को आपूर्ति रोकी
भीड़ अधिक होने के कारण कुछ समय के लिए अव्यवस्था की स्थिति भी देखने को मिली। हालांकि एजेंसी कर्मचारियों ने उपभोक्ताओं को लाइन में लगाकर सिलिंडर वितरण की व्यवस्था बनाने की कोशिश की। उपभोक्ताओं का कहना है कि अगर गैस सिलिंडर की नियमित आपूर्ति होती रहे तो इस तरह की भीड़ और परेशानी से बचा जा सकता है। वहीं एजेंसी कर्मियों ने बताया कि जैसे-जैसे सिलिंडर की सप्लाई मिलती रहेगी, सभी उपभोक्ताओं को सिलिंडर उपलब्ध करा दिए जाएंगे।
