Ganga Dussehra: बदायूं के कछला घाट पर उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़, गंगा में लगाई आस्था की डुबकी
बदायूं में गंगा दशहरा के अवसर पर सोमवार को कछला गंगा घाट पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। भक्तों ने गंगा स्नान कर पूजा-अर्चना की। दिनभर घाट पर आस्था का मेला लगा रहा।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
बदायूं में गंगा दशहरा के पावन पर्व पर सोमवार को कछला गंगा घाट पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। तड़के से ही गंगा स्नान के लिए श्रद्धालुओं का पहुंचना शुरू हो गया था, जो दिनभर जारी रहा। बदायूं जनपद के अलावा बरेली, कासगंज, एटा, हाथरस,अलीगढ़, संभल और शाहजहांपुर समेत कई जिलों से बड़ी संख्या में भक्त कछला घाट पहुंचे और आस्था की डुबकी लगाकर मां गंगा का पूजन-अर्चन किया।
गंगा घाट पर 'हर-हर गंगे' और 'जय मां गंगे' के जयकारों से पूरा वातावरण भक्तिमय बना रहा। श्रद्धालुओं ने गंगा स्नान के बाद विधि-विधान से पूजा की और परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की। महिलाओं, बुजुर्गों और बच्चों की भी घाट पर बड़ी संख्या में मौजूदगी रही।
गंगा दशहरा के अवसर पर श्रद्धालुओं की अत्यधिक भीड़ के चलते कछला मार्ग पर कई स्थानों पर जाम की स्थिति बनी रही। घाट के आसपास वाहनों की लंबी कतारें देखने को मिलीं। पुलिस प्रशासन द्वारा यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए जगह-जगह पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई थी।
सुरक्षा व्यवस्था के रहे कड़े इंतजाम
भीड़ को देखते हुए प्रशासन पूरी तरह अलर्ट नजर आया। घाट पर पुलिस, पीएसी और गोताखोरों की टीम तैनात रही।
घाटों पर दिखी मेले जैसी रौनक
कछला गंगा घाट पर पर्व के चलते मेले जैसा माहौल देखने को मिला। घाट के आसपास लगी दुकानों पर श्रद्धालुओं की भीड़ रही। बच्चों ने खिलौने और झूले का आनंद लिया, जबकि लोगों ने प्रसाद और पूजा सामग्री की खरीदारी की।
श्रद्धालुओं का कहना था कि गंगा दशहरा पर गंगा स्नान का विशेष महत्व माना जाता है और इस दिन स्नान व दान करने से पुण्य की प्राप्ति होती है। देर शाम तक श्रद्धालुओं के आने-जाने का सिलसिला जारी रहा।