LPG Price: घरेलू एलपीजी सिलेंडर हुआ महंगा, बदायूं में दस लाख उपभोक्ताओं की जेब पर पड़ेगा असर
बदायूं जिले में एलपीजी के दस लाख से ज्यादा उपभोक्ता हैं, जिनको घरेलू गैस सिलेंडर के लिए 60 रुपये अतिरिक्त चुकाने पड़ेंगे। जिला पूर्ति अधिकारी सतीश कुमार मिश्रा ने बताया कि गैस सिलेंडर के रेट बढ़े हैं। हालांकि इससे युद्ध से कोई भी लेना-देना नहीं है।
विस्तार
अमेरिका-इजराइल और ईरान के बीच छिड़े युद्ध के बीच एलपीजी सिलेंडरों की कीमत बढ़ने से लोग परेशान होने लगे हैं। बदायूं जिले में उपभोक्ता गैस सिलेंडर भराने में भी जुट गए हैं। इसके साथ ही पेट्रोल पंपों पर भी डीजल व पेट्रोल की बिक्री बढ़ गई है। रसोई गैस सिलेंडर की नई दरें शनिवार से लागू कर दी गईं। गैस कंपनी की ओर से बुकिंग के नियमों भी बदलाव किया गया है। 14.2 किलोग्राम के घरेलू गैस सिलेंडर की कीमत में 60 रुपये की बढ़ोतरी हुई है। इसी तरह, 19 किलोग्राम के व्यावसायिक एलपीजी सिलेंडर पर 115 रुपये बढ़े हैं। इससे व्यावसायिक प्रतिष्ठानों और आम जनता की जेब पर असर पड़ेगा।
जिले में उज्ज्वला योजना और सामान्य उपभोक्ता को मिलाकर करीब 10 लाख 60 हजार कनेक्शन है। सिलेंडरों के दाम बढ़ने के बाद उपभोक्ताओं को सिलेंडर 60 रुपये ज्यादा चुकाकर खरीदना पड़ेगा। इससे लोगों की जेब पर सीधा असर पड़ेगा। जनपद में 53 गैस एजेंसी है।
जिला पूर्ति अधिकारी सतीश मिश्रा ने बताया कि अब घरेलू सिलेंडर 60 रुपये बढ़ गए हैं। कमर्शियल सिलेंडर 115 रुपये महंगा हुआ है। अलग-अलग कंपनियों के कमर्शियल सिलेंडर की कीमत अलग अलग होती है। इसलिए सटीक रेट बताना मुमकिन नहीं है। उन्होंने कहा कि जिले में गैस व पेट्रोल, डीजल की कमी नहीं है। इसलिए उपभोक्ता घबराएं नहीं।
अब तीन सप्ताह बाद होगी दूसरी घरेलू बुकिंग
पेट्रोलियम कंपनियों ने एक के बाद दूसरी घरेलू गैस बुकिंग तीन सप्ताह बाद का नियम लागू किया है। इससे भी उपभोक्ताओं को परेशानी का सामना करना पड़ेगा, जिनके घर में कोई आयोजन प्रस्तावित है। समारोह में कमर्शियल सिलेंडर बुक होते हैं, इसकी बुकिंग के लिए दिन की कोई बाध्यता नहीं है।
कीमत बढ़ने से जेब पर बोझ बढ़ा
पटेलनगर की हेमलता ने बताया कि त्योहार के बाद एकदम से 60 रुपये बढ़ने से बजट बिगड़ेगा, हमें तो सरकार से उम्मीद थी कि गैस सिलेंडर के दाम कम होंगे, लेकिन और दाम बढ़ा दिए हैं। आदर्शनगर की मौली ने कहा कि सिलेंडरों के दामों में वृद्धि के साथ ही तीन हफ्ते में सिलेंडर की बुकिंग से आने वाले समय में दिक्कतें बढ़ जाएंगी। ज्यादा परिवार वाले सदस्यों सिलेंडर तो तब तक खत्म हो जाएगा। नेकपुर की सुनीता ने कहा कि घरों में सारे कार्य गैस पर ही किए जाते हैं। जिससे सिलेंडर एक माह तक नहीं चलता है, 60 रुपये बढ़ने के बाद हर माह का यह खर्चा बढ़ गया है।
पेट्रोल पंपों पर पहुंच रहे लोग
जिले में अलग-अलग कंपनियों के 72 पेट्रोल पंप चल रहे हैं। इन पंपों पर होली के बाद से लोगों की भीड़ ज्यादा देखने का मिल रही है। अमेरिका-ईरान-इजराइल के युद्ध के बीच लोगों में डीजल पेट्रोल बंद और तरह-तरह की अफवाह फैल रही है। जिसके कारण कुछ लोग स्टॉक भी कर रहे हैं। एक पेट्रोल पंप के कर्मचारी ने बताया कि होली के बाद पेट्रोल डीजल के बिक्री में बढ़ोतरी हुई हैं। सामान्य दिनों की अपेक्षा अब ज्यादा लोग पहुंच रहे हैं। वहीं कुछ लोग डीजल को ड्रम में भरवा कर घर पर ले जा रहे हैं। जिला पूर्ति अधिकारी सतीश मिश्रा ने बताया कि लोग किसी भी अफवाह पर ध्यान न दें। सामान्य दिनों की तरह पेट्रोल-डीजल भरवाएं। जनपद में पेट्रोल-डीजल की कोई कमी नहीं हैं।
पेट्रोल पंप मालिक नितिन ने बताया कि पिछले दो तीन दिनों से पेट्रोल-डीजल की मांग में तेजी आई है, लेकिन स्टॉक में कोई कमी नहीं है। हमको डिमांड के अनुसार लगातार पेट्रोल-डीजल की सप्लाई मिल रही है। किसी भी प्रकार की कोई दिक्कत नहीं है। इस बारे में कंपनी के अधिकारियों से बात की गई तो वहां से भी डिमांड के अनुसार उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया गया है। अभी सरकार के पास दो से तीन महीने तक बफर में स्टॉक रखा हुआ है। ऐसे में कोई परेशानी नहीं है।
जिला पेट्रोलियम एसोसिएशन के सचिव प्रफुल्ल वार्ष्णेय ने बताया कि इस समय अमेरिका-इस्राइल व ईरान के बीच युद्व चल रहा है। इससे खाड़ी देश भी प्रभावित है। इसको लेकर आम जनता में रेट बढ़ने की संभावना को देखते हुए पेट्रोलियम की बिक्री काफी बढ़ रही हैं। पहले दिनों की अपेक्षा इस समय पेट्रोल पंपों पर लोगों की भीड़ में इजाफा हुआ है। लेकिन पेट्रोल व डीजल की कोई कमी नहीं है।
